मार्ग बदहाल होने के चलते वाहन चालकों को झेलनी पड़ रही परेशानी
भजन चौधरी
धौलाकुआं (सिरमौर)। भूमि कटाव से क्षतिग्रस्त हुए पांवटा साहिब-माजरा शहीद मार्ग को एक साल बीत जाने के बाद भी नहीं सुधारा गया है। ऐसे में यहां हर रोज लोगों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। आलम यह है कि वाहन यहां निजी भूमि से होकर गुजर रहे हैं।
कोटड़ी ब्यास से माजरा लिंक मार्ग को शहीद कमल कांत मार्ग के नाम से जाना जाता है। यह मार्ग ब्यास गांव से माजरा और कोटड़ी होकर पडदूणी को जोड़ता है। एक साल पहले गोबर खाले में आई बाढ़ में यह मार्ग पानी के बहाव में समा गया था। इसके बाद लोक निर्माण विभाग ने इसको ठीक करने के लिए कोई योजना नहीं बनाई और रामभरोसे छोड़ दिया।
इस साल भी खड्ड में बाढ़ आने से मार्ग का काफी हिस्सा बह गया है। मार्ग क्षतिग्रस्त हो जाने के बाद यहां पर राजनीति से जुड़े लोगों ने मार्ग को जल्दी ठीक करने का आश्वासन भी दिया। हैरानी की बात है कि एक साल बीत जाने पर भी सुध किसी ने नहीं ली। यही हाल रहा तो आने वाले समय में यह मार्ग बंद हो जाएगा। बड़े वाहनों को तो यहां हादसों का खतरा बना रहता है। चालक जान हथेली पर रखकर इस हिस्से से वाहन निकालते हैं।
बता दें कि पांवटा से पडदूणी को जाने वाली सड़क की पहले ही हालत खराब है। सड़क की हालत खराब होने के चलते वाहन और निजी बसें जो चंदपुर कोटड़ी होकर जाते थे, वे शहीद कमल कांत मार्ग से होकर माजरा और पडदूणी के लिए चल रहे हैं। अब इस सड़क ही हालत भी खराब है।
उधर, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता दलीप तोमर ने बताया कि जल्द ही गोबर खड्ड का कटाव रोकने के लिए काम शुरू कर दिया जाएगा। इसका प्राक्कलन तैयार कर दिया है।