उपायुक्त की अध्यक्षता में हुई जिला खाद्य सुरक्षा सलाहकार समिति की बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। जिला खाद्य सुरक्षा सलाहकार समिति की बैठक वीरवार को उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा की अध्यक्षता में हुई। उपायुक्त ने खाद्य सुरक्षा विभाग को सभी लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के आदेश दिए। उन्होंने हलवाइयों से पुराना तेल उपयोग न करने की अपील की।
उपायुक्त ने सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा को सभी कारोबारियों जिसमें दुकानदार, होटल, मिड-डे-मिल, डिपुओं, आंगनबाड़ी केंद्र, कैंटीन, शराब की दुकानों के लाइसेंस अथवा पंजीकरण करने, नाहन शहर में बाहरी राज्यों से आने वाले दूध, ब्रेड व मिठाइयों के मासिक सैंपल लेने के निर्देश दिए। इसके अलावा मोबाइल फूड टेस्टिंग वैन के माध्यम से जिले के हर क्षेत्र में सैंपल लेने व जागरुकता फैलाने के निर्देश दिए।
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा डॉ. अतुल कायस्थ ने बैठक का संचालन करते हुए बताया कि खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत 5516 लाइसेंस व पंजीकरण किए। उन्होंने बताया कि मिलावटी सामान बेचने वालों 32 खाद्य कारोबारियों को वित्त वर्ष 2024-25 से अब तक 5.50 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। मोबाइल फूड टेस्टिंग वैन में लगभग 2500 सैंपल जांचे गए तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी की ओर से 375 फूड सैंपल लिए गए हैं।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी अमिताभ जैन, उप अधीक्षक पुलिस रमाकांत ठाकुर, उपनिदेशक कृषि राजकुमार, उपनिदेशक उच्च शिक्षा हिमेंद्र चंद बाली, उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा राजीव ठाकुर, प्रेसिडेंट रोटरी क्लब, जिला कार्यक्रम अधिकारी, अधिवक्ता अमित अग्रवाल उपस्थित रहे।