फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

11 मंजिला बनेगा मेडिकल कालेज नाहन का अस्पताल परिसर, 10 मंजिला होगा एकैडमिक ब्लॉक

विज्ञापन
डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज के भवन निर्माण का नक्शा। - फोटो : NAHAN
विज्ञापन
नाहन (सिरमौर)। डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के भवन का निर्माण कार्य प्रगति पर है। मेडिकल कॉलेज के अकादमिक और अस्पताल भवन भवन का निर्माण 260.70 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है।
विज्ञापन

जिला सिरमौर के लोगों को जल्द ही आधुनिक सुविधाओं से लैस मेडिकल कॉलेज और अस्पताल भवन मिलेगा। फिलहाल, इसके अकादमिक (टीचिंग) ब्लॉक का निर्माण कार्य चल रहा है, जबकि अस्पताल भवन का कार्य जल्द शुरू होगा। इसके लिए लगभग सभी औचारिकताएं पूरी की जा चुकी हैं। सीपीडब्ल्यूडी भवन निर्माण की कार्यकारी एजेंसी है। वहीं निर्माण कार्य का जिम्मा शाहपुर जी पालोन जी कंस्ट्रक्शन कंपनी के पास है। अकादमिक ब्लॉक का निर्माण कार्य इसी वर्ष अगस्त तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। मेडिकल कॉलेज का अकादमिक ब्लॉक 1685.3 वर्ग मीटर में बनेगा। इसी तरह अस्पताल भवन का निर्माण 8688.86 वर्ग मीटर में किया जाएगा। ये दोनों ब्लॉक अत्याधुनिक तकनीक से तैयार किए जाएंगे।
10 मंजिला होगा अकादमिक ब्लॉक
अकादमिक ब्लॉक धरातल सहित 10 मंजिला होगा। जहां विभिन्न विभागों सहित लैक्चर थियेटर, रिसर्च रूम, प्रयोगशालाएं और टीचर रूम की सुविधाएं होंगी। लोअर ग्राउंड फ्लोर पर माइक्रो बायोलॉजी विभाग स्थापित किया जाएगा। इसमें लैक्चर थियेटर और प्रयोगशाला होगी। ग्राउंड फ्लोर पर फिजियोलॉजी विभाग होगा। इसमें रिसर्च रूम, लैक्चर थियेटर आदि होंगे। पहली मंजिल पर सामुदायिक विभाग स्थापित किया जाएगा। दूसरी मंजिल पर बॉयो केमिस्ट्री विभाग होगा। यहां पर टीचर के लिए ऑफिस, लैक्चर थियेटर और प्रयोगशालाएं होंगी। हरके लैक्चर थियेटर में लगभग 150 प्रशिक्षुओं और लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी। पैथोलॉजी विभाग चौथी मंजिल पर होगा। यहां पर म्यूजियम, रिसर्च रूम, प्रयोगशाला और टीचर रूम की सुविधा मौजूद होगी। पांचवीं मंजिल पर विभिन्न विभागों की टीचिंग प्रयोगशालाएं होंगी। छठी और सातवीं मंजिल पर परीक्षा हॉल और प्रयोगशाला होगी। आठवीं मंजिल पर लाइब्रेरी स्थापित की जाएगी। इसका लाभ मेडिकल कॉलेज में अध्ययनरत प्रशिक्षु चिकित्सकों सहित अन्य वरिष्ठ चिकित्सकों को मिलेगा। इसके अलावा भवन के शेष फ्लोर पर भी कई विभाग और प्रयोगशालाएं स्थापित की जाएंगी।
विज्ञापन

अस्पताल ब्लॉक में ये सुविधाएं मिलेंगी
अस्पताल ब्लॉक 11 मंजिला होगा। इसमें विभिन्न विभाग स्थापित किए जाएंगे। ग्राउंड फ्लोर में स्वागत कक्ष, पंजीकरण, केंद्रीय प्रयोगशाला, सीटी स्कैन, एमआरआई, अल्ट्रासाउंड और ब्लड बैंक आदि की सुविधा उपलब्ध होगी। फर्स्ट फ्लोर पर आपातकालीन कक्ष, संक्रमित बीमारियों से ग्रसित लोगों के लिए चार वार्ड, एक ऑपरेशन थियेटर और 30 बिस्तरों का एक जनरल वार्ड स्थापित किया जाएगा। तीसरे, चौथे और पांचवें फ्लोर में जनरल वार्ड होंगे। इसके अलावा अन्य फ्लोर पर आईसीयू, चार ऑपरेशन थियेटर, एक सुपर स्पेशलिटी ऑपरेशन थियेटर और अन्य सुविधाएं स्थापित की जाएंगी। छत पर सोलर वाटर हीटर भी लगाए जाएंगे, जबकि सबसे निचले धरातल में रसोईघर, सीएसए प्लांट, एसी प्लांट, पानी भंडारण और कैफेटेरिया की सुविधा लोगों को मिलेंगी।
तेज गति से चल रहा निर्माण कार्य: डॉ. एनके महेंद्रू
डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. एनके महेंद्रू ने बताया कि मेडिकल कॉलेज के भवन निर्माण को लेकर कार्य तेज गति से चल रहा है। उन्होंने बताया कि अकादमिक ब्लॉक का कार्य जारी है, जिसे जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा। इसके अलावा अस्पताल ब्लॉक का निर्माण कार्य भी जल्द शुरू किया जाएगा।
जल्द पूरा होगा भवन निर्माण: राजीव कुमार साव
मेडिकल कॉलेज भवन निर्माण की कार्यकारी एजेंसी सीपीडब्ल्यूडी के अधीक्षण अभियंता राजीव कुमार साव ने बताया कि अकादमिक ब्लॉक के निर्माण को अगस्त माह तक पूरा करवाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कोरोना काल के दौरान कार्य में व्यवधान पड़ने से निर्माण में देरी हुई। अब इसे जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा।
जिले के साथ अन्य इलाकों के लोगों को भी मिलेगा लाभ: राजीव बंसल
लायंस क्लब नाहन के पूर्व प्रधान राजीव बंसल ने कहा कि नया भवन बनने से लोगों को यहां केंद्रीय प्रयोगशाला, सीटी स्कैन, एमआरआई, अल्ट्रासाउंड, ब्लड बैंक, आधुनिक ऑपरेशन थियेटर की सुविधा मिलेगी। इसका लाभ जिले के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों को भी होगा।
लोगों को एक जगह मिलेंगी सारी सुविधाएं: सलीम अहमद
मुस्लिम वेलफेयर सोसायटी के प्रधान कैप्टन सलीम अहमद ने कहा कि यदि आपातकालीन सेवाएं और आधुनिक सेवाएं लोगों को एक छत्त के नीचे मिलती हैं तो निश्चित ही उन्हें इसका लाभ होगा। क्योंकि लोगों को इन सेवाओं के लिए शिमला या पीजीआई जाना पड़ रहा है।
सराहनीय कदम, लेकिन जल्द हो निर्माण : नसीम दीदान
समाजसेवी नसीम मोहम्मद दीदान ने कहा कि मेडिकल कॉलेज भवन निर्माण सराहनीय कदम है, लेकिन इसका निर्माण कार्य जल्द पूरा होना चाहिए। उम्मीद है जिस लक्ष्य से इसका निर्माण हो रहा है वह जमीनी स्तर पर खरा उतरेगा।
पीजीआई और आईजीएमसी नहीं काटने पड़ेंगे चक्कर : दीनदयाल वर्मा
वरिष्ठ साहित्यकार दीन दयाल वर्मा ने कहा कि जिला के लिए मेडिकल कॉलेज एक बड़ी सौगात है। इसका नया भवन मिलने से हर प्रकार की सुविधाएं नाहन में ही लोगों को मिलेगी। लोग पीजीआई और आईजीएमसी के चक्कर काटने से बच जाएंगे।

डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज नाहन में निर्माणाधीन एकैडमिक ब्लॉक।- फोटो : NAHAN

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें