नाहन (सिरमौर)। जिले में मूसलाधार बारिश से करीब 22 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। बारिश का सिलसिला वीरवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। इस दौरान कई स्थानों पर भारी बारिश हुई।
शिलाई में कपड़े की दुकान आग की भेंट चढ़ गई। बुधवार रात्रि बारिश के दौरान शार्ट सर्किट से लगी आग से दलीप सिंह निवासी दुधवानी, कांडो भटलोन, शिलाई की दुकान में रखा सामान जल गया। इससे उसे करीब 16,62,600 रुपये का नुकसान हुआ।
इसके अलावा नाहन-सराहां-कुमारहट्टी मार्ग पर बारिश से भूस्खलन और मलबा आने से नेशनल हाईवे विभाग को करीब 5.50 लाख रुपये का नुकसान हुआ। पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के मेंहदोबाग में लक्ष्मी दत्त के मकान की दीवार ढह गई। इसमें करीब 40 हजार रुपये की नुकसान हुआ है। पच्छाद के बेर की सेर निवासी रतन सिंह की पशुशाला भी बरसात के चलते क्षतिग्रस्त हो गई। उसे करीब 15 हजार रुपये का नुकसान हुआ है।
राजगढ़ क्षेत्र में बिजली के करीब 20 ट्रासंफार्मर प्रभावित हुए हैं। इन्हें वीरवार देर शाम तक सुचारू किया गया। जिला आपदा प्रबंधन सिरमौर के पदाधिकारी ने बताया कि दो दिन हुई बारिश से जिले में करीब 22 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है।
बस अड्डा परिसर में भरा पानी
मूसलाधार बारिश से नाहन बस अड्डा परिसर में पानी भर गया। इस दौरान वहां से बसों के आवागमन में परेशानी तो हुई, साथ ही लोगों को आने-जाने में भी दिक्कतें झेलनी पड़ी। निकासी की उचित व्यवस्था न होने से परिसर में पानी भरा गया।
पहली बरसात ने ही बस अड्डा प्रबंधन व स्थानीय प्रशासन की व्यवस्थाओं को पोल खोल दी। पांवटा-कालाअंब नेशनल हाइवे पर मोगीनंद में बरसात का पानी सड़क पर आ गया। इस दौरान करीब दो घंटे तक वाहनों और लोगों आवाजाही में दिक्कतें झेलनी पड़ी।
पांवटा-कालाअंब एनएच पर मोगीनंद के पास मूसलाधार बारिश से सड़क पर आए पानी से गुजरते वाहन। संवाद- फोटो : NAHAN