4 अगस्त, 2021 को पांवटा साहिब थाना का मामला, हरियाणा के यमुना नदी में मिला था सूरज का शव
मृतक की पत्नी के साथ अवैध संबंधों के कारण द्वेष में आरोपी ने की थी हत्या
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। हत्या मामले में पांवटा साहिब के देवी नगर निवासी मनीष (30) को जिला अदालत ने वीरवार को आजीवन कारावास की सजा सुनाई। साथ ही 30 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। जुर्माना न भरने की स्थिति में उसे छह महीने का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश कपिल शर्मा ने यह फैसला सुनाया है। अभियोजन के मुताबिक मृतक की पत्नी के साथ अवैध संबंधों के कारण उपजे द्वेष से सोची-समझी साजिश के तहत आरोपी ने हत्या का अपराध किया था।
मामला 4 अगस्त, 2021 का है। उत्तराखंड के देहरादून निवासी लक्ष्मी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया था। शिकायतकर्ता ने शिकायत में कहा था कि उसका बेटा सूरज 27 जुलाई 2021 को शाम 4:00 बजे से लापता हो गया और दो दिन बाद उसका शव हरियाणा राज्य के छछरौली (दादुपुर) में यमुना नदी के किनारे मिला। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने आईपीसी की धारा 302 और 201 के तहत मामला दर्ज किया और जांच अधिकारी की ओर से जांच शुरू की गई।जांच के दौरान आरोपी मनीष से पूछताछ की गई। कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) में पता चला कि आरोपी ने घटना वाले दिन मृतक को फोन करके घर से बाहर आने को कहा था। हालांकि आरोपी ने शुरू में उस तारीख को वहां मौजूद होने से इन्कार किया था। बाद में 5 अगस्त 2021 को पर्याप्त साक्ष्यों के आधार पर आरोपी मनीष को गिरफ्तार किया गया। उधर, मामले को साबित करने के लिए अभियोजन पक्ष ने 22 गवाहों के बयान दर्ज किए। बचाव पक्ष ने तर्क दिया कि आरोपी को मामले में झूठा फंसाया गया है। अदालत ने दोनों पक्ष की दलील सुनने के बाद आरोपी को दोषी मानकर उम्रकैद की सजा सुनाई। अदालत ने स्पष्ट किया है कि जुर्माने की राशि यदि वसूल की जाती है, तो मृतक सूरज की पत्नी को मुआवजे के रूप में दी जाए।
यह है पूरा मामला
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि आरोपी मनीष लंबे समय से उसकी बहू पर बुरी नजर रख रहा था। इसके कारण सूरज के साथ पहले भी कई बार झगड़े हुए थे। उसने आगे बताया कि जिस दिन सूरज लापता हुआ, उस दिन उसे एक फोन आया था और यमुना पुल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच करने पर सूरज को 27 जुलाई को मनीष के साथ रिक्शा में विकासनगर की ओर जाते देखा गया। उसने आगे आरोप लगाया कि सूरज को तैरना नहीं आता था और उसे पानी से डर लगता था, इसलिए उसे संदेह है कि मनीष ने उसे कोई नशीला पदार्थ या जहर दिया होगा और फिर उसे नदी में फेंक दिया होगा। बाद में पुलिस की जांच में भी यह बातें सामने आई थीं।