प्राक्कलन तैयार कर बजट स्वीकृति के लिए भेजा
संवाद न्यूज एजेंसी
कालाअंब (सिरमौर)। औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब और त्रिलोकपुर को जोड़ने वाली संपर्क सड़क के सुधारीकरण की प्रक्रिया तेज हो गई है। नवरात्र मेले को ध्यान में रखते हुए लोक निर्माण विभाग ने सड़क को शीघ्र दुरुस्त करने के लिए प्रयास तेज कर दिए हैं। दो सप्ताह पूर्व नाहन में आयोजित बैठक में उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए थे कि मेले से पहले सड़क की मरम्मत की जाए।
लोक निर्माण विभाग ने सड़क के सुधारीकरण के लिए प्राक्कलन तैयार कर बजट स्वीकृति के लिए भेज दिया है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार बजट स्वीकृत होते ही कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।
वहीं, रामपुर जट्टान और जोहड़ों के मध्य कत्था फैक्ट्री के पास सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से पर इंटरलॉक टाइलें लगाने का कार्य भी प्रस्तावित है। विभाग ने संकेत दिए हैं कि यह कार्य एक सप्ताह के भीतर शुरू कर दिया जाएगा। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता आलोक जनवेजा ने बताया कि कालाअंब-त्रिलोकपुर सड़क को नवरात्र मेले से पहले हर हाल में सुधार दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सड़क के कुछ हिस्सों में इंटरलॉक टाइलें बिछाने का कार्य भी जल्द प्रारंभ होगा। उन्होंने बताया कि सड़क के व्यापक सुधार के लिए बजट की मांग करते हुए प्राक्कलन भेजा जा चुका है और स्वीकृति मिलते ही कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया जाएगा।