राजगढ़ (सिरमौर)। प्रदेश में 30 नवंबर तक सभी पात्र लोगों को कोरोना वैक्सीन की दूसरी डोज उपलब्ध कराना प्रदेश सरकार का लक्ष्य है ताकि कोरोना महामारी को फैलने से रोका जा सके।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भड़ोली में आयोजित जनमंच कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए स्वास्थ्य मंत्री डॉ. राजीव सहजल ने कहा कि कोविड महामारी से देश के साथ प्रदेश का विकास भी प्रभावित हुआ है। इसके बावजूद भी प्रदेश सरकार ने बेहतरीन तरीके से कार्य किया।
जनमंच कार्यक्रम के दौरान राजस्व विभाग की ओर से 75 विभिन्न प्रकार के प्रमाण पत्र जारी किए गए। इस अवसर पर विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 47 शिकायतें प्राप्त हुईं जिनका मौके पर ही निपटारा कर दिया गया। एक मामला 108 रोगी वाहन सेवा को शुरू करने के लिए आया था जिसे शीघ्र निपटाने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों निर्देश दिए गए।
इस दौरान हिमाचल पथ परिवहन निगम ने मौके पर 160 ग्रीन कार्ड, आठ स्मार्ट कार्ड और 11 सम्मान कार्ड वितरित किए। स्वास्थ्य विभाग ने 20 लोगों को वैक्सीन लगाई और 60 रोगियों की स्वास्थ्य जांच की।
आयुर्वेदिक विभाग ने 205 रोगियों की जांच कर दवाइयां वितरित की। जनमंच कार्यक्रम आरंभ होने से पहले स्वास्थ्य मंत्री ने स्कूल परिसर में एक बूटा बेटी के नाम योजना के तहत देवदार का पौधा रोपित किया और कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों की ओर से लगाई गई विकासात्मक प्रदर्शनियों का भी अवलोकन किया।
इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को उपहार भेंट किए और बेटी है अनमोल योजना के अंतर्गत 12 नवजात बालिकाओं के परिजनों को 12-12 हजार रुपये की एफडीआर भेंट की। इसमें रूग देवठी मझगांव की प्रीतिका, कालाबाग की शिवांगी बनोल्टा, रूग देवठी मझगांव की दीक्षिता, काटू देवठी मझगांव की रिधिमा, बगड़ पनोटी की समायरा, पाब की आशना, कोटी पधोग की अनवी, सयारला की वृत्तिका और हिमांशिका, कुढूलवना की अर्पिता, पैन कुफ्फर की मानुषी, ठंडीधार की ज्योति को योजना के अंतर्गत लाभ दिया गया। इसके अतिरिक्त विधवा पुनर्विवाह के अंतर्गत अनीता को 50 हजार की एफडीआर दी गई।
उन्होंने हिमाचल गृहिणी सुविधा योजना के अंतर्गत 200 पात्र महिलाओं को निशुल्क गैस कनेक्शन वितरित किए। इससे पहले विधायक पच्छाद रीना कश्यप ने मुख्यातिथि का स्वागत किया। इस मौके पर कृषि विपणन बोर्ड के अध्यक्ष बलदेव भंडारी, उपायुक्त सिरमौर रामकुमार गौत्तम, एसपी ओमापति जम्वाल, अध्यक्ष बीडीसी पच्छाद सुरेंद्र नेहरू आदि मौजूद रहे।
.