राज्य सहकारी बैंक की ददाहू शाखा ने लगाया शिविर
संवाद न्यूज एजेंसी
ददाहू (सिरमौर)। राज्य सहकारी बैंक की ददाहू शाखा ने छौऊ बोगर गांव में वित्तीय साक्षरता शिविर का आयोजन किया। इस दौरान ग्रामीणों को बैंक से संबंधित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
शाखा प्रबंधक खेम राज चौहान ने लोगों को डिजिटल बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग, हिम पैसा ऐप, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना, सुरक्षा बीमा योजना व अटल पेंशन योजना सहित केंद्र और राज्य सरकार की ओर से चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने साइबर क्राइम को लेकर हो रही धोखाधड़ी (ठगी) से भी लोगों जागरूक किया।
उन्होंने कहा कि किसी भी अंजान व्यक्ति के साथ अपने एटीएम कार्ड के पिन का नंबर को साझा न करें। पैसों के लेनदेन से संबंधित किसी फ्रॉड कॉल पर विश्वास न करें और न ही किसी को ओटीपी की सही जानकारी दें। ऐसा करने से धोखाधड़ी से बचा जा सकता है।
उन्होंने सभी उपभोक्ताओं को 31 दिसंबर तक अपने बैंक खातों की केवाईसी करवाने का आह्वान भी किया। इस मौके पर बैंक के कर्मचारी दिनेश कुमार व छौऊ बोगर सोसायटी के प्रधान मुल्तान सिंह, सचिव जगदीश कुमार सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
-संवाद