एसवीएन स्कूल में आयोडीन अल्पता विकार जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
आयोडीन की कमी से हो सकती हैं घेंगा, बहरापन और गर्भपात जैसी समस्याएं
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग खंड धगेड़ा की ओर से एसवीएन स्कूल नाहन में राष्ट्रीय आयोडीन अल्पता विकार जागरूकता दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्कूल के प्रधानाचार्य कुंदन ठाकुर ने की। इस अवसर पर तंबाकू मुक्त युवा अभियान के अंतर्गत किशोर-किशोरियों को जागरूक किया गया।
स्वास्थ्य शिक्षिका कृष्णा राठौर ने बताया कि आयोडीन एक सूक्ष्म पोषक (माइक्रोन्यूट्रिएंट्स) हैं, जिसका हमारे भोजन में शामिल होना अति आवश्यक है। इसकी कमी से घेंगा या बहरापन, गर्भवती महिलाओं में गर्भपात, जन्मजात शिशु में विकृति का होना, कम वजन का शिशु पैदा होना जैसी समस्याएं हो सकती हैं। शरीर को बहुत कम मात्रा में आयोडीन की आवश्यकता रहती है। आयोडीन युक्त नमक खाने से ही इसकी कमी पूरी हो जाती है।
उन्होंने बताया कि समय-समय पर अपने घर के नमक को टेस्ट करवाएं। आशा वर्कर घर-घर जाकर नमक के सैंपल टेस्ट करते हैं। नमक को साफ और सूखे बर्तन में रखें। इस दौरान उन्होंने तंबाकू मुक्त युवा अभियान को लेकर भी बच्चों को जागरूक किया। उन्होंने बताया कि तंबाकू के सेवन से होंठ, जीभ, मसूड़े, मुंह, सांस की नली और फेफड़े का कैंसर होता है।
तंबाकू का सेवन करने वाले को क्षय रोग इंफेक्शन का खतरा अधिक रहता है। यदि हम अपने युवाओं को तंबाकू से मुफ्त रखना चाहते हैं तो हमें किशोरावस्था से ही तंबाकू के दुष्प्रभावों की जानकारी होना अति आवश्यक है। उन्होंने योग, प्राणायाम, गैर संक्रामक और संक्रामक रोगों के बारे में भी विस्तार पूर्वक जानकारी दी।
इस अवसर पर स्कूल की उप प्रधानाचार्य चंद्रकला ठाकुर, अवतार सिंह, स्वास्थ्य पर्यवेक्षक शशि बाला, आशा कार्यकर्ता कमलेश, सोनिया और स्कूल स्टाफ मौजूद रहा।
-संवाद