विधायक अजय सोलंकी ने किया सैरगाह का निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। शहर की सैरगाह विला राउंड का जल्द ही कायाकल्प होने जा रहा है। स्थानीय विधायक अजय सोलंकी ने वीरवार को प्रशासनिक अधिकारियों, नगर परिषद के पार्षदों और प्रबुद्ध नागरिकों के साथ विला राउंड का निरीक्षण कर सौंदर्यीकरण और विकास कार्यों का खाका तैयार किया।
उन्होंने कहा कि योजना के तहत मुख्य सड़क पर तारकोल बिछाकर बेहतर बनाया जाएगा। प्रकृति प्रेमियों और सुबह की सेर करने वालों के लिए विशेष ग्रीन ट्रैक विकसित किए जाएंगे। विधायक ने कहा कि यहां ओपन जिम और सन-बाथ प्वाइंट बनाए जाएंगे, ताकि फिटनेस गतिविधियों को बढ़ावा मिल सके। युवाओं और पर्यटकों के आकर्षण के लिए सेल्फी प्वाइंट स्थापित किए जाएंगे। बैठने के लिए आकर्षक बेंच व्यवस्था को भी योजना में शामिल किया गया है। पूरे मार्ग पर पर्याप्त स्ट्रीट लाइटें और सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।
इस अवसर पर एसडीएम नाहन राजीव सांख्यान, नगर परिषद नाहन के वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी संजय कुमार, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।