नाहन (सिरमौर)। नाहन विकास खंड की ग्राम पंचायत नावनी में तीन अप्रैल को होने वाले जनमंच कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अतिरिक्त उपायुक्त सोनाक्षी सिंह तोमर ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ नाहन के बचत भवन में बैठक की।
इस दौरान उन्होंने बताया कि सोमवार से संबंधित पंचायतों में प्री-जनमंच गतिविधियां शुरू की जाएंगी। 28 मार्च को निहोग में सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित होंगे। इस दिन चाकली, क्यारी बनेठी पंचायतों के लोगों की समस्याएं सुनी जाएंगी। 29 मार्च को देवका पुड़ला, 30 मार्च को रामा में रामाधोन व सेन की सैर पंचायतों की समस्याएं सुनी जाएंगी। 31 मार्च को पंजाहल में अधिकारी पंजाहल व धगेड़ा पंचायतों के लोगों की समस्याओं को सुनेंगे। एक अप्रैल को जमटा में नेहली धीड़ा व जमटा ग्राम पंचायत के लोगों की समस्याओं को सुना जाएगा।
बैठक में उपमंडल दंडाधिकारी नाहन रजनेश कुमार, पीओ डीआरडीए कल्याणी गुप्ता, जिला राजस्व अधिकारी नारायण चौहान सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।