नाहन के दिल्लीगेट बस स्टॉप पर बस के इंतजार में खड़ा व्यक्ति।
- फोटो : NAHAN
नाहन (सिरमौर)। जिला सिरमौर में रविवार को हिमाचल पथ परिवहन निगम के लगभग 60 फीसदी रूट बंद रहे। ऐसे में बस स्टैंड नाहन और बस स्टाप दिल्ली गेट पर वीरानी ही छाई रही। केवल इक्का दुक्का सवारियां ही यहां नजर आई। जिले के जिन रूटों पर निगम की बसें चली, उनमें भी सवारियां न के बराबर रहीं।
गौरतलब है कि सिरमौर जिले में रविवार को निगम के 40 फीसदी रूट बंद रहते हैं। निगम का कहना है कि रविवार को छुट्टी होने के कारण इन रूटों पर सवारियां नहीं मिलती हैं। इसके चलते निगम को घाटा उठाना पड़ता है। ऐसे में निगम इन रूटों को बंद रखता है। रविवार को खराब मौसम के चलते भी कुछ अन्य रूट बाधित रहे। ऐसे में करीब 60 फीसदी रूटों पर बसों की आवाजाही बंद रही।
रविवार को नाहन-महीपुर, नाहन-गातू, नाहन-रामाधौण, नाहन-कौलांवालाभूड़, नाहन-त्रिलोकपुर और कुछ लांग रूटों पर निगम की बसें दौड़ीं। हालांकि इन बसों में यात्रियों की संख्या काफी कम रही। इसके अलावा सराहां, राजगढ़, शिलाई, हरिपुरधार आदि क्षेत्रों में बसों की आवाजाही बंद रही। निगम के सहायक अड्डा प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि रविवार को जिले में काफी रूट बंद रहे। उन्होंने बताया कि जिन रूटों पर बसें गईं उनमें भी सवारियां काफी कम रही।