एक माह की मेहनत और आपसी सहयोग से तैयार किया रावण का विशाल पुतला
एनएच से गुजरने वाले लोग भी हो रहे आकर्षित
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। नाहन विधानसभा क्षेत्र की आमवाला सैनवाला पंचायत में 77 फीट ऊंचा रावण का पुतला आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। पंचायत और ग्रामीणों ने आपसी सहयोग से इसे तैयार किया है। रात में रंग-बिरंगी लाइटों से जगमगाता पुतला स्थानीय लोगों के साथ-साथ राष्ट्रीय राजमार्ग से गुजरने वाले राहगीरों का भी ध्यान खींच रहा है।
पुतले के निर्माण में ललित तोमर, युद्धवीर सिंह फौजी, वेद प्रकाश सहित अन्य ग्रामीणों ने करीब एक माह तक मेहनत की। पंचायत प्रधान सीमा तोमर और पूर्व प्रधान संदीपक तोमर ने बताया कि गांव में हर साल ग्रामीणों के सहयोग से रावण का पुतला बनाया जाता है और दशहरे पर उसका दहन किया जाता है।
ग्रामीणों का दावा है कि 77 फीट ऊंचा यह पुतला सिरमौर जिले में दहन किए जाने वाले रावण के पुतलों में सबसे ऊंचा है। रात में रोशनी से जगमगाता पुतला दूर से ही लोगों को आकर्षित कर रहा है।
बॉक्स:
आज शाम सात बजे होगा दहन
पंचायत प्रधान सीमा तोमर और पूर्व प्रधान संदीपक तोमर ने बताया कि रावण के पुतले का दहन मंगलवार शाम सात बजे किया जाएगा। विशाल आकार और आकर्षक रोशनी के चलते इसे देखने के लिए क्षेत्र के लोगों में खासा उत्साह है।