रेणुकाजी-कोटीधीमान सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त हुई कार।
- फोटो : NAHAN
ददाहू (सिरमौर) थाना क्षेत्र रेणुका के अंतर्गत आने वाले रेणुका-कोटीधीमान मार्ग पर एक कार के स्किड होकर गहरी खाई में गिर जाने से उसमें सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक वीर सिंह (39) कोटीधीमान पंचायत का पूर्व प्रधान था, जो शनिवार रात्रि अपने घर पिडताडी जा रहा था।
घर पहुंचने से पहले ही उसकी कार (एचपी 18ए-5563) टिपरा नामक स्थान पर स्किड होकर गहरी खाई में जा गिरी, जिससे गंभीर चोटें लगाने के कारण वह बेहोश हो गया।
ग्रामीणों ने उसे सिविल अस्पताल ददाहू पहुंचाया, यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रेणुका पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पूर्व प्रधान की मृत्यु से पूरे कोटीधीमान क्षेत्र में शोक छा गया है।
रेणुका के विधायक विनय कुमार सहित आला नेताओं ने पूर्व प्रधान की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। रेणुका पुलिस ने रविवार सुबह पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। ददाहू स्थित शमशानघाट पर ही मृतक का अंतिम संस्कार किया गया जिसमें भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
एसएचओ देवी सिंह नेगी ने हादसे की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि हादसा तेज बारिश में कार के स्किड होने से हुआ है। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। हादसे की तफ्तीश जारी है।