संगड़ाह खंड में टीबी नियंत्रण कार्यक्रमों पर चर्चा
टीबी मुक्त भारत अभियान के लक्ष्य पूरे करने के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन/संगड़ाह (सिरमौर)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संगड़ाह में टीबी नियंत्रण कार्यक्रम की मासिक समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. निसार अहमद ने की। इसमें बीएमओ डॉ. सुनील कक्कड़, खंड के चिकित्सा अधिकारी (एमओ), कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (सीएचओ) और स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
बैठक में टीबी नियंत्रण कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा की गई। क्षेत्र में चल रहे स्वास्थ्य कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. निसार अहमद ने स्वास्थ्य कर्मचारियों को निर्देश दिए कि टीबी के मरीजों की समय पर पहचान कर उनका उचित उपचार सुनिश्चित किया जाए, ताकि टीबी मुक्त भारत अभियान के लक्ष्य को समयबद्ध तरीके से हासिल किया जा सके।
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा टीबी उन्मूलन के लिए कई प्रभावी कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं, जिनके सफल क्रियान्वयन में स्वास्थ्य कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। बैठक में टीबी के संदिग्ध मरीजों की जांच, उपचार की निगरानी तथा मरीजों को नियमित दवा उपलब्ध कराने जैसे विषयों पर भी चर्चा की गई। बीएमओ डॉ. सुनील कक्कड़ ने सरकार की ओर से चलाई जा रही स्वास्थ्य योजनाओं और टीबी कार्यक्रमों की प्रगति के बारे में जानकारी दी।
बैठक में जानकारी दी गई कि 24 मार्च को विश्व टीबी दिवस के अवसर पर सर्टिफिकेशन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके तहत टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों और उपलब्धियों को साझा किया जाएगा। स्वास्थ्य अधिकारी ने सभी कर्मचारियों से टीबी के खिलाफ चल रहे अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया।