रजाना में आग की भेंट चढ़ा दो मंजिला मकान।
- फोटो : NAHAN
ददाहू (सिरमौर)। गिरिपार क्षेत्र की रजाना पंचायत में एक दोमंजिला मकान जलकर राख हो गया। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया गया है। मकान के साथ दुकान और आटा चक्की भी आग की भेंट चढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार रजाना निवासी बहादुर सिंह के मकान में आग लगी। वहां आटा चक्की और दुकान भी थी। दुकान में रखी नकदी और ऊपरी मंजिल में रखा सामान राख हो गया है। बहादुर सिंह को करीब चार लाख रुपये का नुकसान हुआ है। आग की घटना का पता चलते ही ग्रामीणों ने इकट्ठे होकर पानी व अन्य उपायों से आग को आसपास के घरों तक फैलने से रोका। रजाना पंचायत के प्रधान विनोद कुमार ने पीड़ित परिवार को सहायता राशि देने की मांग की है।
गौरतलब है कि ददाहू व उपमंडल संगड़ाह में फायर स्टेशन नहीं है। जिला मुख्यालय नाहन से ही दमकल को आग बुझाने के लिए बुलाया जाता है, जो मौके पर पहुंच ही नहीं पाते। एसडीएम संगड़ाह डॉ. विक्रम नेगी ने बताया कि पटवारी को रिपोर्ट तैयार करने के लिए मौके पर भेजा गया है। पीड़ित परिवार की यथासंभव सहायता की जाएगी।