जर्जर कमरों में सेवाएं देने को मजबूर बीएमओ और स्टाफ, ठेकेदार की लेटलतीफी पड़ रही भारी
ओपीडी भवन के जीर्णोंद्धार पर खर्च किए जा रहे 42 लाख रुपये
देवराज शर्मा
सराहां (सिरमौर)। सिविल अस्पताल सराहां के पुराने ओपीडी भवन के जीर्णोद्धार का कार्य पिछले एक वर्ष से ठप पड़ा हुआ है। इससे अस्पताल प्रशासन और स्टाफ को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालात यह है कि बीएमओ समेत अन्य स्टाफ को जर्जर कमरों में बैठकर काम चलाना पड़ रहा है, जिनकी छतों से प्लास्टर तक गिर रहा है।
दरअसल, अस्पताल के पुराने भवन में पहले ओपीडी, मरीजों के दाखिले और बीएमओ कार्यालय सहित कई जरूरी सेवाएं संचालित होती थीं। नया भवन बनने के बाद भी इस भवन का उपयोग दंत विशेषज्ञ कक्ष, डिस्पेंसरी, नर्सिंग स्टाफ कक्ष और अतिरिक्त मरीजों के दाखिले के लिए किया जाता रहा, लेकिन जीर्णोद्धार कार्य अधूरा रहने से स्टाफ को पुराने और असुरक्षित कमरों में बैठकर काम करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार इस भवन के नवीनीकरण के लिए करीब तीन वर्ष पहले 42 लाख रुपये स्वीकृत किए गए थे। इसके बाद लोक निर्माण विभाग के माध्यम से ठेकेदार को कार्य सौंपा गया, लेकिन एक वर्ष बीत जाने के बाद भी काम पूरा नहीं हो पाया है।
सराहां निवासी विनोद कुमार, संजय कुमार, राजेश, दुर्गेश शर्मा, भारती शर्मा और सिमरन शर्मा ने बताया कि करीब आठ कमरों के जीर्णोद्धार का कार्य एक साल से बंद पड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले लगी टाइलों के ऊपर ही फर्श डाल दिया गया है, जिससे कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
गौरतलब है कि सराहां अस्पताल में उपचार के लिए पच्छाद विकास खंड की करीब 35 पंचायतों के अलावा साथ लगते विस क्षेत्रों व हरियाणा के सीमावर्ती क्षेत्रों से लोग उपचार के लिए पहुंचते हैं। अस्पताल में रोजाना 500 के करीब ओपीडी रहती है।
बीएमओ पच्छाद डॉ. पुनीत शर्मा ने बताया कि पुराने भवन का जीर्णोद्धार कार्य पिछले एक वर्ष से बंद है। विभाग को इसे जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिशासी अभियंता दिलीप सिंह कौंडल ने कहा कि कमरों को खाली करने में देरी के कारण कार्य प्रभावित हुआ। उन्होंने बताया कि ठेकेदार को शीघ्र और गुणवत्ता के साथ काम पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। संवाद