हिमाचल प्रदेश स्कूल प्रवक्ता संघ जिला सिरमौर ने जताया कड़ा एतराज
बोले-एरियर और डीए की थी उम्मीद, मिला कटौती का झटका
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। हिमाचल प्रदेश स्कूल प्रवक्ता संघ जिला सिरमौर ने बजट में बी श्रेणी के कर्मचारियों के वेतन में तीन प्रतिशत कटौती के प्रस्ताव पर कड़ा रोष जताया है। संघ के पदाधिकारियों ने एक सुर में सरकार के इस निर्णय की निंदा करते हुए इसे मध्यम वर्गीय कर्मचारियों की आर्थिक कमर तोड़ने वाला कदम बताया है।
राज्य चेयरमैन सुरेंद्र पुंडीर, जिला अध्यक्ष डॉ. आईडी राही, महासचिव दिनेश शर्मा सहित अन्य पदाधिकारियों ने कहा कि प्रदेश के प्रवक्ता बजट से लंबित 13 प्रतिशत महंगाई भत्ते और एरियर की आंशिक राहत की आस लगाए बैठे थे लेकिन राहत के बजाय सरकार ने वेतन कटौती का फरमान सुनाकर कर्मचारियों को गहरा झटका दिया है। संघ ने तर्क दिया कि बी श्रेणी में आने वाले अधिकांश कर्मचारी मध्यम वर्ग से हैं। ये कर्मचारी अपनी पारिवारिक जिम्मेदारियों, मकान व वाहन ऋण की किस्तों और बच्चों की पढ़ाई के लिए पूरी तरह मासिक वेतन पर निर्भर हैं। ऐसे में तीन प्रतिशत की कटौती घरेलू वित्त व्यवस्था को पूरी तरह से बिगाड़ देगी।
जिला अध्यक्ष डॉ. आईडी राही की अध्यक्षता में संघ का प्रतिनिधिमंडल उच्च शिक्षा उपनिदेशक (कार्यकारी) विजय कुमार राघव से मिला। संघ ने उन्हें कार्यभार संभालने पर बधाई दी और जिले की विभिन्न समस्याओं से अवगत करवाया। प्रवक्ताओं ने छात्र हित में विभाग का पूर्ण सहयोग करने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर राज्य विशिष्ट सदस्य नरेंद्र नेगी, संरक्षक रमेश नेगी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजय शर्मा, महिला विंग अध्यक्ष संध्या चौहान, कोषाध्यक्ष लाल सिंह ठाकुर, खंड प्रधान बलदेव चौहान, लेखराज ठाकुर, राज कुमार सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।