नाहन में स्वास्थ्य खंड धगेड़ा ने लगाया जागरूकता शिविर
सर्वाइकल कैंसर से बचाव को लेकर दी जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। स्वास्थ्य खंड धगेड़ा की ओर से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नाहन में एचपीवी वैक्सीनेशन को लेकर जागरूकता शिविर लगाया गया। शिविर में किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर, लक्षण, बचाव तथा एचपीवी वैक्सीन के महत्व के बारे में जानकारी प्रदान की गई।
स्वास्थ्य शिक्षका कृष्णा राठौर ने कहा कि एचपीवी वैक्सीन किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने बताया कि 14 और 15 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों के लिए यह वैक्सीन बेहद आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं को वैक्सीनेशन को लेकर किसी भी प्रकार के भ्रम में न आने की सलाह देते हुए कहा कि इस वैक्सीन का कोई नुकसान नहीं है और यह पूरी तरह सुरक्षित है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार और स्वास्थ्य विभाग की ओर से व्यापक स्तर पर एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान चलाया जा रहा है। सिरमौर जिले में भी इस अभियान को युद्ध स्तर पर संचालित किया जा रहा है ताकि अधिक से अधिक किशोरियों को इसका लाभ मिल सके। शिविर के दौरान छात्राओं को व्यक्तिगत स्वच्छता, संतुलित आहार और नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व के बारे में भी जागरूक किया गया। छात्राओं ने भी विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे, जिनका संतोषजनक जवाब दिया गया। इस अवसर पर स्कूल स्टाफ सहित स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।