(ग्राउंड रिपोर्ट)
पुरुष व महिला वार्डो में एक बेड पर दो-दो मरीज
ओपीडी में रोजाना 600 और आपातकाल कक्ष में आ रहे 150 से 200 मरीज
संजय कंवर
पांवटा साहिब (सिरमौर)। बदलते मौसम के साथ पांवटा साहिब सिविल अस्पताल में मरीजों की संख्या में भारी बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। अस्पताल की ओपीडी में रोजाना 600 से अधिक मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं, जबकि आपातकाल कक्ष में प्रतिदिन 150 से 200 मरीज आ रहे हैं। इनमें सबसे ज्यादा मामले बुखार, खांसी-जुकाम और वायरल के हैं।
मरीजों की संख्या इतनी बढ़ गई है कि अस्पताल का आपातकालीन कक्ष फुल हो गया है। आलम यह है कि एक बेड पर दो-दो मरीजों को लेटाकर इलाज करना पड़ रहा है। ओपीडी के बाहर सुबह से ही मरीजों की लंबी कतारें लग रही हैं और पर्ची काउंटर पर भी भीड़ देखी जा रही है।
जानकारी के अनुसार पिछले एक सप्ताह से क्षेत्र में वायरल बुखार तेजी से फैल रहा है। बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं इसकी चपेट में ज्यादा आ रहे हैं। कई मरीजों को तेज बुखार के साथ बदन दर्द, सिरदर्द और खांसी की शिकायत है।
सिविल अस्पताल पांवटा साहिब के प्रभारी डॉ. एवी राघव ने बताया कि सिविल अस्पताल में प्रतिदिन ओपीडी में 600 से अधिक और आपातकाल में 150 से 200 रोगी अपना उपचार करवाने आ रहे हैं। इसमें सबसे अधिक मामले बुखार और खांसी के आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि बढ़ती भीड़ को देखते हुए स्टाफ को अलर्ट पर रखा गया है, सभी मरीजों को उचित उपचार दिया जा रहा है और दवाओं की पर्याप्त व्यवस्था है।
बॉक्स...
बुखार को हल्के में न लें : डॉ. राघव
-डॉ. राघव ने लोगों से अपील की है कि बुखार को हल्के में न लें, तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें, साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें और पानी उबालकर पीएं। साथ ही मच्छरों से बचाव के लिए पूरी बाजू के कपड़े पहनें और घर के आसपास पानी जमा न होने दें।