-सड़क, पेयजल, स्वच्छता, स्ट्रीट लाइट और जल स्रोतों की समस्याएं ग्रामीणों ने उठाईं
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को ग्राम पंचायत कौलांवालाभूड़ में ग्राम सभा का आयोजन किया गया। इसमें पंचायत क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे ग्रामीणों ने सक्रियता के साथ भाग लिया। ग्राम सभा में पंचायत के विकास, जनहित से जुड़े विषयों और ग्रामीणों की मूलभूत जरूरतों पर विस्तार से चर्चा की गई।
पंचायत प्रधान कोमल ने बताया कि बैठक में सड़क, पेयजल, स्वच्छता, स्ट्रीट लाइट, जल स्रोतों की सफाई एवं मरम्मत तथा रास्तों से संबंधित समस्याएं प्रमुखता से उठाई गईं। ग्रामीणों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं और आवश्यकताओं को ग्राम सभा के समक्ष रखा तथा इनके समाधान को लेकर चर्चा की गई।
पंचायत प्रतिनिधियों ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि ग्राम सभा में उठाए गए जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभागों के समक्ष रखा जाएगा। पंचायत स्तर पर होने वाले कार्यों को नियमानुसार आगे बढ़ाया जाएगा।
इस दौरान ग्रामीणों ने पंचायत के विकास कार्यों में सहयोग देने तथा पंचायत को स्वच्छ, सुंदर और बेहतर बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया। ग्राम सभा में ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी से पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत करने का संदेश भी दिया गया। इस दौरान पंचायत प्रधान कोमल रघुवंशी, उप प्रधान नाजिम खान, बीडीसी सदस्य माया देवी, जिला परिषद सदस्य प्रमिला शर्मा, पंचायत के सभी वार्ड सदस्य और पंचायत सचिव हिम्मत सिंह सहित ग्रामीण मौजूद रहे।
-