नाहन (सिरमौर)। जिला सिरमौर में पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान के अंतर्गत रविवार को स्वास्थ्य विभाग के 2152 कर्मचारी और चार मोबाइल टीमें बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगी। अभियान में स्वास्थ्य कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और आंगनबाड़ी सहायिकाओं समेत 118 सुपरवाइजर भी सेवाएं देंगे।
रविवार को शून्य से पांच वर्ष तक के लगभग 60803 बच्चों को दो बूंद जिंदगी की पिलाई जाएगी। स्वास्थ्य विभाग की ओर से इसके लिए 538 पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं। अभियान को सफल बनाने के लिए विभाग ने सारी तैयारियां कर ली हैं। सिरमौर जिले में पांच स्वास्थ्य खंडों में टीमों को तैनात कर दिया गया है।
रविवार को जिले के कुल 95275 घरों के 60803 बच्चे को पोलिया ड्रॉप्स पिलाई जाएगी। इसके अलावा चार मोबाइल टीमें भी कार्यशील रहेंगी। स्वास्थ्य खंड धगेड़ा में शहरी क्षेत्र में 11 और ग्रामीण में 87 बूथ, स्वास्थ्य खंड राजपुरा में शहरी क्षेत्र में 11 और ग्रामीण में 127 बूथ बनाए गए हैं। इसी तरह संगड़ाह खंड में 82, शिलाई स्वास्थ्य खंड में 100 और पच्छाद खंड के सराहां में 66 व राजगढ़ में 54 बूथों पर रविवार को पोलियो की दवाई पिलाई जाएगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील कुमार गौतम ने बताया कि रविवार को पोलियो प्रतिरक्षण अभियान के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने बताया कि जिले में 538 बूथों पर नौनिहालों को दवाई पिल्ई जाएगी। इसके लिए 2152 कर्मचारी तैनात किए गए हैं। इसके अलावा चार मोबाइल टीमें भी सेवाएं देंगी।
----
ददाहू क्षेत्र में 1460 नौनिहालों को पिलाई जाएगी दवा
ददाहू (सिरमौर)। पल्स पोलियो अभियान के अंतर्गत ददाहू क्षेत्र के 1460 नौनिहालों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी। हेल्थ सुपरवाइजर मनजीत सिंह ठाकुर ने बताया कि एमसीएच केंद्र ददाहू के अंतर्गत 14 पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं। यहां 56 कार्यकर्ताओं की तैनाती की गई है। शनिवार को सभी 14 आशा कार्यकर्ताओं को वैक्सीन के साथ रवाना किया गया।