मोगीनंद स्कूल की चार छात्राएं लेंगी जिलास्तरीय योगा ओलंपियाड में भाग
खंड स्तर पर आयोजित प्रतियोगिता में पहले स्थान पर मारी बाजी
संवाद न्यूज एजेंसी
कालाअंब (सिरमौर)। जिला सिरमौर के विकासखंड नाहन के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मोगीनंद की छात्राओं ने एक और उपलब्धि हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। इस विद्यालय की छात्राओं ने अंडर-14 खंड स्तरीय योगा ओलंपियाड प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल करके जहां ट्रॉफी पर कब्जा किया, वहीं जिला स्तरीय प्रतियोगिता में प्रवेश पा लिया है।
इस उपलब्धि के लिए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मोगीनंद की प्रधानाचार्य शिभा खन्ना ने सभी प्रतिभागी छात्राओं सहित अध्यापकों और अभिभावकों को बधाई दी है।
उन्होंने बताया कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सुरला में सोमवार को खंड स्तरीय अंडर-14 वर्ग की योगा ओलंपियाड प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। इस प्रतियोगिता के लिए मोगीनंद विद्यालय की चार छात्राओं कोमल, याचिका, दिव्यांशी और अस्मिता का चयन हुआ था। चारों छात्राओं ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया है। प्रधानाचार्य ने छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
-संवाद