बांगरन के समीप अवैध खनन करते दबोचा गया ट्रैक्टर।
- फोटो : NAHAN
पुरुवाला (सिरमौर)। वन परिक्षेत्र भगानी के अंतर्गत आने वाले वन थाना पुरुवाला की टीम ने अवैध खनन करने वालों पर कार्रवाई की है। विभागीय टीम ने गिरि नदी में अवैध खनन को अंजाम दे रहे एक ट्रैक्टर को जब्त करके उसके संचालक से जुर्माना राशि वसूली है।
जानकारी के अनुसार थाना पुरुवाला के अंतर्गत बांगरण पुल के समीप गिरि नदी में अवैध खनन की शिकायत विभागीय टीम को मिली थी। इसके चलते विभाग के बीओ सुरेश कुमार के नेतृत्व में वनरक्षक प्रवीण कुमार, वन कर्मी मदन सिंह और ज्ञान चंद की टीम ने मौके पर दबिश दी।
उन्होंने अवैध खनन में जुटे एक ट्रैक्टर को जब्त किया और उसकी डैमेज रिपोर्ट दर्ज की। इसके बाद ट्रैक्टर संचालक से 18760 रुपये जुर्माना राशि वसूली। भगानी वन परिक्षेत्राधिकारी बस्ती राम ने इसकी पुष्टि की है।