नौहराधार में पाईप चोरी के आरोपी पुलिस टीम के साथ।
- फोटो : NAHAN
नौहराधार (सिरमौर)। जलशक्ति विभाग के बलायनधार स्थित स्टोर से करीब 530000 की 106 पाइप चोरी करने के आरोप में पुलिस ने पांच और गिरफ्तारियां की हैं। अब तक मामले में छह आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। इन आरोपियों में घटना का मास्टर माइंड आशीष (21) निवासी गुठान, नौहरा, कैलाश चंद (43) निवासी बंदथाना जिला कुल्लू, सुशील (51) गांव माओग जिला शिमला, हिमांशु (24) निवासी फागली और पांचवें आरोपी की पहचान चाब्बी लाल (45) निवासी नाया बस्ती शारदा, नगर पालिका बाईपास सोलन के तौर पर हुई है। इससे पहले पुलिस ने 22 मार्च को रेलवे स्टेशन कुरुक्षेत्र से एक आरोपी को गिरफ्तार किया था।
गौरतलब है कि बलायनधार में हुई चोरी के मामले में विभाग ने पुलिस में 12 मार्च को एफआईआर दर्ज करवाई थी। इसके बाद नौहराधार पुलिस के प्रभारी एएसआई चेतन चौहान की टीम मामले की जांच में जुट गई। सबसे पहले पुलिस ने कुरुक्षेत्र से आरोपी को चोरी किए गए पाइप सहित गिरफ्तार किया था। आरोपी से पूछताछ के आधार पर पांच और गिरफ्तारियां की हैं। इनमें एक स्थानीय युवक भी शामिल है। पुलिस के अनुसार पाइपों को चोरी करने के लिए ट्रक के अलावा एक पिकअप का भी इस्तेमाल किया गया। पुलिस ने ट्रक और पिकअप को कब्जे में लिया है। डीएसपी शक्ति सिंह ने चोरी के मामले में पांच और गिरफ्तारियों की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मामले की छानबीन जारी है। चोरी किए पाइप नौहराधार पहुंचाए जा चुके हैं।