नाहन/हरिपुरधार/नौहधार/सराहां (सिरमौर) । सिरमौर जिले के प्रसिद्ध धार्मिक एवं पर्यटन स्थल चूड़धार में रविवार को इस सीजन का पहला हिमपात हुआ है। क्षेत्र में दिनभर बादल छाए रहे। शाम करीब 4 बजे के बाद गिरिपार क्षेत्र के हरिपुरधार, नौहराधार, शिलाई और संगड़ाह क्षेत्र में जहां जमकर बारिश हुई, वहीं चूड़धार में बर्फबारी हुई है।
खबर लिखे जाने तक चूड़धार में 4 इंच बर्फ गिर चुकी थी। चूड़धार के पहाड़ों ने सफेद चांदी ओढ़ ली है। इससे क्षेत्र में ठंड बढ़ गई है। बर्फबारी से हुई ठंड से रविवार को अधिकतर लोग घरों में ही दुबके रहे। लोगों ने हीटर और अलावा का सहारा लिया। बारिश से नौहराधार आदि क्षेत्रों में दिनभर बिजली की आंख मिचौली लगी रही। नौहराधार, हरिपुरधार व अन्य क्षेत्रों में करीब चार घंटे विद्युत आपूर्ति बाधित रही। इसके चलते दुकानदार और आम लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ी।
चूड़धार में स्थित चूड़ेश्वर सेवा समिति के प्रबंधक बाबूराम शर्मा ने बताया कि रविवार शाम तक चूड़धार में 4 इंच ताजा हिमपात हुआ है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की है कि कोई भी अब चूड़धार की यात्रा पर न निकले। कई श्रद्धालु रविवार को चूड़धार पहुंचे थे, जिन्हें तुरंत वापस घर भेज दिया गया है।
बॉक्स: ---
ओलावृष्टि से नकदी फसलों को नुकसान
जिला सिरमौर में रविवार दोपहर बाद हुई बारिश और ओलावृष्टि से तापमान में भारी गिरावट आई है। ओलावृष्टि से जहां ठंड का प्रकोप बढ़ा है, वहीं पच्छाद और राजगढ़ सहित अन्य क्षेत्रों में नकदी फसलों को भी नुकसान हुआ है। जिले के मैदानी क्षेत्रों में भी बारिश से ठंड बढ़ी है। दोपहर बाद बारिश और ओलावृष्टि से पच्छाद क्षेत्र के सराहां व इसके आसपास और राजगढ़ इलाके में लोगों की नकदी फसलें नष्ट हो गई हैं।
ओलावृष्टि से बेमौसमी टमाटर, शिमला मिर्च, मटर, लहसुन, धान और पेंसिल बीन की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। इसके चलते लोगों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा हैं। किसान प्रदीप शर्मा, नरेश शर्मा, सुरेंद्र कुमार, सुंदर सिंह, जसवंत सिंह, प्रीतम सिंह, तेजवीर व अनिल शर्मा ने कहा कि उनके क्षेत्र में लगी धान की फसल को भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि अक्टूबर माह के अंतिम दिनों में इस तरह की ओलावृष्टि ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। रविवार को हुई बारिश से जिला मुख्यालय नाहन में भी ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। बारिश का असर करवाचौथ पर्व पर भी पड़ा है। नाहन के बाजार से रौनक गायब रही।