पांवटा साहिब (सिरमौर)। आईआईएम सिरमौर के वार्षिकोत्सव-सिएरा 2020 का शनिवार को आगाज हुआ। दो दिन तक वार्षिक उत्सव के दौरान रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों और खेलकूद प्रतियोगिताओं में भी युवा दमखम दिखा रहे हैं। रविवार को प्रसिद्ध पंजाबी युवा गायक अखिल मुख्य आकर्षण होंगे।
शनिवार को कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एवं संस्थान की निदेशक, प्रोफेसर नीलू रोहमित्र ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। उन्होंने इस उत्सव को सफल बनाने में संस्थान के छात्र संघ के प्रयासों की प्रशंसा की है। वार्षिक उत्सव का आयोजन संस्थान के संकाय और कर्मचारियों के मार्गदर्शन में छात्र क्लबों और समितियों की ओर से किया जा रहा है। अपने संबोधन के दौरान प्रो. रोहमित्र ने आईआईएम सिरमौर के विश्व स्तरीय संस्थान बनने की अपनी यात्रा को आगे बढ़ाने के संकल्प को दोहराया। उन्होंने कहा कि आज मेगा इवेंट के आयोजन से आईआईएम सिरमौर एक सशक्त संस्था के रूप में अपनी क्षमता और प्रेरणा का प्रदर्शन करने में सक्षम है। इस तरह के आयोजन सीखने और खुले मंच पर लाने के लिए प्रबंधन कौशल का प्रदर्शन करते हैं। निदेशक ने विशेष रूप से संस्थान के द्वितीय वर्ष के छात्रों इशांत तनेजा और हुजेफा हुसैन को उत्सव के उत्कृष्ट समग्र समन्वय के लिए बधाई दी। निदेशक ने एक खूबसूरत हिंदी पंक्तियों के साथ अपने भाषण में संस्कार से पहचान, संस्कृति का स्वाभिमान, हौसलों की उड़ान, जीवन का रुझान, भाईचारे का पैगाम, गौरी का सम्मान, आपका और हमारा अनुमान, हंसी के गुब्बारों का विज्ञान, आंसुओं में छुपी हंसी की पहचान, ये हमारा और तुम्हारा सहयोग.... पंक्तियों से संबोधन का समापन किया। आयोजन समिति सदस्यों ने बताया कि आईआईएम सिरमौर वार्षिक उत्सव -2020 में 27 प्रबंधन, सांस्कृतिक और खेल आयोजनों के संयोजन की मेजबानी करेगा। देश भर के लगभग 30 संस्थानों का प्रतिनिधित्व करने वाले 500 से अधिक प्रतिभागी सिरमौर परिसर में पहुंचे हैं। दो दिन के उत्सव के दौरान 1000 से अधिक की संख्या में प्रतिभागी पहुंचेंगे। उत्सव के पहले दिन स्कोप-ऑपरेशंस क्लब की ओर से आयोजित ओफ़ेजस के बाद स्ट्रेटोस और कॉग्निज की ओर से आयोजित स्पिन मास्टर्स- स्ट्रेटेजी क्लब और कंसल, कंसल्टिंग क्लब ऐप्पल-ओ-नॉमिक्स फिन्वर्स क्लब की ओर से आयोजित की गई। खेल के क्षेत्र में भी एथलीटों के शानदार प्रदर्शन कौशल का गवाह बना। सुबह क्रिकेट, फुटबॉल, वॉलीबाल, टेबल टेनिस और बैडमिंटन जैसी विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं हुई। शाम को उत्सव के सांस्कृतिक स्तरों में से एक हिप हॉप इंटरनेशनल ने सभी चयनित उम्मीदवारों के लिए एक संक्षिप्त कार्यशाला के बाद अपने ऑडिशन आयोजित किए। शाम को बैंड- द मिक्सटेप ने सांस्कृतिक प्रदर्शन से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। भाग लेने वाले कुछ प्रमुख संस्थान आईआईएम काशीपुर, आईआईटी रुड़की, आईआईएम दिल्ली और लखनऊ, आईएमआई भूवनेश्वर, वेलिंगकर मुंबई, एनआईटी आंध्र प्रदेश, यूबीएस पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़, शूलिनी यूनिवर्सिटी सोलन, चंडीगढ़ ग्रुप ऑफ कॉलेज, डीआईटी यूनिवर्सिटी देहरादून, बीएमयू गुड़गांव, एसआईबीएम और नागपुर की टीमों ने भाग लिया। उत्सव के दूसरे दिन रविवार रात के मुख्य आकर्षण प्रसिद्ध पंजाबी गायक अखिल की ओर से मेगा सांस्कृतिक प्रदर्शन किया जाएगा।