नाहन (सिरमौर)। बिजली बोर्ड ने औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब और इसके आसपास के कई ऐसे उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटने की तैयारी कर ली है, जिन्होंने लंबे समय से बिल का भुगतान नहीं किया है। बिजली बोर्ड के कालाअंब उपमंडल के तहत आने वाले औद्योगिक एवं ग्रामीण क्षेत्रों में एक दिसंबर से यह कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
बोर्ड ने डिफॉल्टर उपभोक्ताओं को अंतिम चेतावनी जारी कर दी है। इसके बाद विद्युत बोर्ड बिना अग्रिम नोटिस के डिफॉल्टर उपभोक्ताओं के कनेक्शन काट देगा। लंबित बिल जमा कराने के लिए बोर्ड ने 27 नवंबर तक अंतिम दिन निश्चित किया है। इसके बाद बोर्ड बिजली कनेक्शन काटने संबंधी कार्रवाई को अंजाम देगा।
बता दें कि बिजली बोर्ड के कालाअंब उपमंडल में 10 हजार डिफॉल्टर उपभोक्ता हैं जिनके पास बोर्ड के साढ़े 8 करोड़ फंसे हैं। लंबे समय से बोर्ड की ओर से जारी नोटिस के बाद भी इन उपभोक्ताओं ने बिलों की भुगतान नहीं कराया है। कुल साढ़े आठ करोड़ की राशि में से डेढ़ करोड़ के करीब राशि घरेलू और व्यावसायिक उपभोक्ताओं के पास लंबित हैं। जबकि शेष राशि औद्योगिक क्षेत्र की है। जाहिर सी बात है कि औद्योगिक घरानों से जुड़े लोगों ने भी लंबे समय से बिजली के बिलों का भुगतान नहीं किया है। ऐसे में बिजली बोर्ड ने अब डिफॉल्टरों पर सख्त कार्रवाई करने का मूढ़ बनाया है।
उधर, बिजली बोर्ड कालाअंब उपमंडल के सहायक अभियंता वीरेंद्र कुमार भारद्वाज ने बताया कि डिफॉल्टर उपभोक्ताओं को नोटिस जारी कर 27 तारीख तक लंबित राशि जमा कराने के लिए कहा गया है। इसके बाद एक दिसंबर से बोर्ड बिना किसी अग्रिम नोटिस के बिजली का कनेक्शन काट देगा।
उन्होंने कहा कि बिजली के बिल ऑनलाइन जमा करवाए जा सकते हैं। यदि कोई उपभोक्ता बिजली बिल संबंधी जानकारी लेना चाहता है तो वह वरिष्ठ सहायक प्रजेश ठाकुर से संपर्क कर सकते हैं। ऑनलाइन बिल जमा न करवा पाने वाले उपभोक्ता कार्यालय में आकर सुबह 10 से शाम तीन बजे कर भुगतान करवा सकते हैं।