औद्योगिक इकाइयों और आधा दर्जन गांवों को निर्बाध मिलेगी बिजली
चार बीघा भूमि पर होगा निर्माण, टेंडर आवंटित, शीघ्र शुरू होगा काम
सुरेश तोमर
पांवटा साहिब (सिरमौर)। क्षेत्र के बातामंडी, बहराल और पातलियों के बिजली उपभोक्ताओं के लिए करीब सात करोड़ से सतीवाला में अलग विद्युत सब स्टेशन बनेगा। इससे हजारों उपभोक्ताओं और आसपास की करीब आधा दर्जन औद्योगिक इकाइयों को बेहतर विद्युत आपूर्ति होगी। इस योजना के टेंडर हो चुके हैं, शीघ्र ही सतीवाला में चार बीघा भूमि पर निर्माण कार्य शुरु होगा।
बता दें कि बाता मंडी, बहराल सतीवाला क्षेत्र में नई औद्योगिक विकास की उम्मीद है। आधा दर्जन छोटी बड़ी इकाइयां पहले ही स्थापित हैं। पूर्व प्रधान पातलियों दाता राम चौहान, दयाल सिंह, ओम प्रकाश चौहान, ललिता व राधा शर्मा का कहना है कि क्षेत्र में नई इकाइयों को स्थापित करने के लिए बेहतर पानी, सड़कों और बिजली की सुविधा होना जरूरी है। इस समय क्षेत्र को बद्रीपुर सब स्टेशन से बिजली आपूर्ति हो रही है। विस्तृत क्षेत्र होने पर गर्मियों में कई बार आपूर्ति में दिक्कतें होती है। अब सतीवाला प्रोजेक्ट के लिए करीब सात करोड़ बजट का प्रावधान किया है।
राजस्व विभाग से सतीवाला में योजना के लिए करीब चार बीघा भूमि भी चिह्नित कर बोर्ड के नाम कर दी है। इस नए विद्युत सब स्टेशन में दस-दस एमवीए के सब स्टेशन तैयार होंगे। इससे सतीवाला, बहराल, बातामंडी पातलियों, सूरजपुर और भाटांवाली पंचायत के करीब पांच हजार से अधिक उपभोक्ताओं तथा आधा दर्जन से अधिक औद्योगिक इकाइयों को सुविधा मिल सकेगी। भविष्य में नए औद्योगिक क्षेत्र विकास होने पर इंडस्ट्रियल एरिया में निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए अलग से सब-स्टेशन तैयार होने पर दिक्कतें कम होगी। बिजली ट्रिपिंग से प्रोडक्शन का कार्य भी प्रभावित नहीं होगा।
सात करोड़ बजट से बिजली सब स्टेशन सतीवाला में तैयार होगा। इससे पांच हजार से अधिक घरेलू उपभोक्ताओं और औद्योगिक इकाइयों को अलग बिजली सुविधा मिलेगी। योजना के टेंडर हो चुके है, अब शीघ्र नई योजना तैयार करने का कार्य शुरु होगा।
-अंकुर शर्मा, सहायक अभियंता, बिजली बोर्ड पांवटा साहिब