सिरमौर जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बढ़ा ठंड का प्रकोप
बादलों से घिरा आसमान, शीतलहर की चपेट में आया क्षेत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
नौहराधार (सिरमौर)। जिला सिरमौर के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में दो दिन से आसमान में घने बादल छाए हैं। सूरज न निकलने और तेज हवाएं चलने से क्षेत्र में भीषण ठंड पड़ रही है।
जिले के नौहराधार, हरिपुरधार और साथ लगते क्षेत्रों में मंगलवार को अधिकतम तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड किया गया।
हालांकि, क्षेत्र में अभी बारिश नहीं हुई है। शुष्क ठंड से बचने के लिए लोगों ने गर्म कपड़े निकाल लिए हैं। बाजार में दुकानदारों ने अलाव और हीटरों का सहारा ले रखा है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली विद्यार्थियों को हो रही है।
मंगलवार से प्राथमिक कक्षाओं की वार्षिक परीक्षाएं भी शुरू हुई। इस कारण ठंड में पेपर देने में भी उनको कठिनाई का सामना करना पड़ा। सूखी ठंड पड़ने के कारण कई लोग सर्दी खांसी जुकाम-बुखार की चपेट में हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में दिक्कतें बढ़ सकती हैं।
संवाद