उप मंडल क्षेत्र में निजी स्कूली बसों का चैकिंग अभियान चला: संवाद
बच्चे उतारते-चढ़ाते वक्त चालक-परिचालक सुरक्षा नियमों का करें पालन
उपमंडल में निजी स्कूल बसों की जांच कर दिए सुरक्षा के जरूरी दिशा निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पुलिस उपमंडल पांवटा साहिब के तहत पड़ने वाले निजी स्कूलों की बसों की जांच को लेकर अभियान चलाया गया। इस दौरान चैकिंग प्रबंधक स्कूल और बस चालकों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए हैं जिससे हादसों की आशंका को कम किया जा सके।
चैकिंग के दौरान पुलिस टीमों ने कहा कि बस के चालक के पास भारी वाहन चलाने का 5 साल का अनुभव होना चाहिए। स्कूली बस में ड्राइवर के अलावा साथ कंडक्टर भी हो। इनके पास हिमाचल प्रदेश मोटर वाहन नियम के तहत निर्धारित योग्यता होनी चाहिए। बसों में उचित दरवाजा लॉक व कुंडी जरूर होनी चाहिए। ये तय करें कि एक बार जब बच्चा बस में चढ़ जाए तो बस में यात्रा कर रहे बच्चों की सुरक्षा के लिए दरवाजे ठीक से बंद कर दिए जाएं। सभी बसों की खिड़कियों में ग्रिल लगी होनी चाहिए। बस जितनी सीटर पास है उतने ही बच्चों को बस में बैठाया जाए। बस चालक को यह सुनिश्चित करवाएं कि बस को न्यूनतम गति सीमा में ही चलाएं। बस चालक की उम्र 60 वर्ष से अधिक नहीं हो। स्कूली बच्चों को बस मे चढ़ाने व उतारते समय चालक बस को पूरी तरह रोकें।
संवाद