संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। जिला सिरमौर में कुत्तों का आतंक पिछले कुछ सालों में बढ़ता ही जा रहा है। इस बात का अंदाजा यहीं से लगाया जा सकता है कि सिरमौर में हर साल औसतन 6 हजार मामले कुत्तों द्वारा लोगों को काटे जाने के सामने आते हैं। इसके चलते लोगों में खौफ भी रहता है। किसी क्षेत्र में मामला सामने आने के बाद कुछ दिनों तक अलर्ट रहता है, बाद में फिर वही माहौल हो जाता है।
जिला सिरमौर में हर साल जहां लावारिस व पालतू कुत्तों की फौज बढ़ रही है तो वहीं हर साल लोगों पर कुत्तों के हमलों का ग्राफ भी बढ़ता जा रहा है। हालांकि कुत्तों की बधियाकरण ऑपरेशन को लेकर अभियान भी चलते हैं, लेकिन यह अभियान मानों संख्या के सामने बौने साबित हो रहे हैं। गर्मियों के दिनों में अकसर कुत्तों के हमलों के मामलों में इजाफा देखने को मिलता है। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार लावारिस कुत्तों के अलावा पालतू कुत्तों की ओर से भी बराबर हमले के मामले सामने आते हैं। ऐसे में ज्यादा सतर्क रहने की आवश्यकता है।