संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। नगर परिषद नाहन कार्यालय के बाहर वीरवार को स्थानीय लोगों, नगर परिषद की अध्यक्ष और पार्षदों ने मिलकर धरना दिया। इस दौरान जमकर नारेबाजी की। नारेबाजी के बाद पार्षदों सहित लोगों का प्रतिनिधिमंडल नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी संजय तोमर से मिला और उनके समक्ष समस्या रखी। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि शहर में कुत्तों से प्यार के नाम पर कुछ लोग अपने घरों के भीतर दर्जनों आवारा कुत्तों को रख रहे हैं। उन्होंने कहा कि कोई पशुओं से प्रेम करे ठीक है, लेकिन घरों के भीतर रखने से आसपास के लोगों को समस्या हो रही है। इसे लेकर करीब चार साल से लोग अपनी मांग उठा रहे हैं, लेकिन कहीं सुनवाई नहीं हो रही है। आलम यह है कि आसपास के लोगों को घरों में रहना और बाहर निकलकर जाना मुश्किल हो गया है। लोगों ने बताया कि शहर में यूं तो आवारा कुत्तों से हर कोई परेशान है, लेकिन वार्ड नंबर-2 और 11 में डॉग लवर्स ने छोटे घरों में 100 से अधिक कुत्तों को रखा है।
पार्षद विक्रम वर्मा ने बताया कि कई बार मामला नगर परिषद के हाउस की बैठक में उठाया गया। स्थानीय लोगों ने नगर परिषद को शिकायतें कीं, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ है। इससे आक्रोशित लोग नगर परिषद कार्यालय के बाहर धरने पर बैठने को मजबूर हुए हैं। उन्होंने बताया कि सबसे ज्यादा समस्या डॉग लवर्स के नाम पर एक घर में दर्जनों कुत्ते एक साथ रखने के चलते पेश आ रही है। गलियों में छोटे बच्चे महिलाएं नहीं गुजर पातीं। गंदगी का माहौल है। उन्होंने बताया कि अगर समाधान नहीं हुआ तो यह आंदोलन भूख-हड़ताल तक भी जाएगा। इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्षा श्यामा पुंडीर, पार्षद संध्या अग्रवाल, अशोक विक्रम, प्रदीप विज सहित भारी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
एसपी से पत्र लिखकर जांच का मंगवाई टीम
शहर में कुत्तों की समस्या नगर परिषद के संज्ञान में है। इसके समाधान को लेकर कुत्तों का शेल्टर होम बनाने को लेकर प्रक्रिया पूरी की जा रही है। कुत्तों की समस्याओं को लेकर कुछ लोग मिले हैं। जिन्होंने डॉग लवर के नाम पर अपने घरों में दर्जनों कुत्ते पालने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने को मांग उठाई है। मामले में एसपी सिरमौर को पत्र लिखकर पुलिस टीम की मांग उठाई गई है ताकि मौके पर जाकर कार्रवाई की जा सके।
-संजय तोमर, कार्यकारी अधिकारी नगर परिषद नाहन