पीडीएस डिपो संचालक वेलफेयर समिति ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला
कहा, न तो सर्वर दुरुस्त हैं और न ही डिपो संचालकों को कोई प्रोत्साहन राशि दी जा रही
संवाद न्यूज़ एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पीडीएस डिपो संचालक वेलफेयर समिति ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। समिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेश ठाकुर ने पांवटा साहिब में पत्रकारवार्ता कर राशन कार्ड में लाभार्थियों की लोकेशन अपडेट करने के आदेश का कड़ा विरोध किया है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक यह कार्य नहीं करेंगे।
राजेश ठाकुर ने कहा कि विभाग ने बिना तैयारी के राशन कार्ड में लाभार्थियों की लोकेशन अपडेट करने का अतिरिक्त काम डाल दिया है। इसके लिए न तो सर्वर दुरुस्त हैं और न ही डिपो संचालकों को कोई प्रोत्साहन राशि दी जा रही है। सर्वर के बार-बार डाउन होने से रात 3-3 बजे तक काम करना पड़ रहा है, जिससे परेशान हैं।
उन्होंने कहा कि लोकेशन अपडेट का काम तब तक बंद हो, जब तक मांगें पूरी नहीं होतीं। डिपो संचालक यह अतिरिक्त कार्य नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार की हर योजना का काम डिपो होल्डर ही करते हैं, लेकिन उन्हें अतिरिक्त काम के बदले कोई प्रोत्साहन राशि नहीं मिलती। विभाग इस बारे में विचार करे। कोई भी ऑनलाइन काम करवाने से पहले विभाग पोर्टल और सर्वर को ठीक करे ताकि काम करने में परेशानी न हो। डिपुओं को समय पर पूरा राशन नहीं मिल पाता, जिससे उपभोक्ताओं को दिक्कत होती है।
अगर सरकार ने जल्द मांगें नहीं मानीं तो समिति पूरे प्रदेश में हड़ताल करने को मजबूर होगी, जिसका असर राशन वितरण पर पड़ेगा।