प्रथम दर्शन सेवा के तहत रूट शुरू करने की मांग ने पकड़ा जोर
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। सिरमौर के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल श्री रेणुकाजी से प्रदेश के अन्य धार्मिक स्थलों के लिए सीधी बस सेवा शुरू करने की मांग ने जोर पकड़ लिया है। जिले के हरिपुरधार स्थित मां भंगायणी मंदिर के लिए शिमला से प्रदेश सरकार ने प्रथम दर्शन सेवा शुरू कर दी है।
इसी तर्ज पर जिले की ऐतिहासिक, धार्मिक और पर्यटन नगरी श्री रेणुकाजी से जिला कांगड़ा के ज्वालाजी और चामुंडा देवी शक्तिपीठों के लिए सीधी बस सेवा चलाने की मांग की जा रही है। लोगों का कहना है कि प्रदेश सरकार प्रथम दर्शन सेवा धार्मिक पर्यटन सर्किट बस सेवा के तहत इस सेवा को शुरू किया जाए।
सिरमौर से वर्षभर लोग ज्वालाजी, कांगड़ा स्थित बज्रेश्वरी मंदिर, मां बगलामुखी, और मां चामुंडा के लिए दर्शन करने के लिए जाते हैं। इन्हें टैक्सियों पर हजारों रुपये खर्च करने पड़ते हैं। पिछले दो दशक से जिला सिरमौर के लोग श्री रेणुकाजी या गुरु की नगरी पांवटा साहिब से सराहां, कुमारहट्टी, धर्मपुर, कुनिहार, भराड़ीघाट, हमीरपुर, श्री ज्वालाजी और कांगड़ा के लिए बस चलाने की मांग कर रहे हैं।
लोगों को उम्मीद है कि धार्मिक पर्यटन सर्किट बस सेवा के तहत हिमाचल में 100 बस रूट शुरू करने की घोषणा के बाद श्री रेणुकाजी से भी सीधी बस सेवा शुरू होगी।
राजीव ठाकुर, सुधीर कुमार, अमित पुंडीर, अमित शर्मा, संजीव ठाकुर, सुरजीत सिंह आदि ने बताया कि इस बस सेवा से लोग धार्मिक यात्रा आराम से कर सकेंगे। वहीं हमीरपुर और कांगड़ा जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में शिक्षारत विद्यार्थियों को सीधी बस सेवा का लाभ मिलेगा।
उधर, कार्यवाहक क्षेत्रीय प्रबंधक सिरमौर रामदयाल ने कहा कि बस चलाने की मांग आएगी तो उसे उच्चाधिकारियों को भेजा जाएगा।