पांवटा साहिब(सिरमौर)। पांवटा साहिब के यमुनाघाट के समीप शनिवार शाम को यमुना नदी में डूबे व्यक्ति का शव रविवार को गोताखोरों ने बाहर निकाला। मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के शव को पांवटा साहिब के शव विच्छेदन गृह में शिनाख्त के लिए रखवा दिया है। पड़ोसी राज्यों और स्थानीय पुलिस थाना चौकियों में भी सूचना व मृतक की फोटो भेज दी गई है।
बता दें कि शनिवार देर शाम को कुछ लोगों ने यमुना नदी में स्नान करने वाले एक व्यक्ति को डूबते हुए देखा। डूबने वाला व्यक्ति उत्तराखंड सीमा से तैरते हुए हिमाचल सीमा की तरफ नदी में आ रहा था। इस बीच वह अचानक डूब गया। सूचना मिलने पर एसडीएम विवेक महाजन और डीएसपी बीर बहादुर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पहले दिन स्थानीय गोताखोर टीम को सर्च आपरेशन में सफलता नहीं मिल सकी लेकिन दूसरे दिन रविवार को टीम ने डूबने वाले व्यक्ति का शव बाहर निकालने में सफलता प्राप्त कर ली।
डीएसपी पांवटा बीर बहादुर ने पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि रविवार को दूसरे दिन लोकल गोताखोर और पुलिस टीम ने शव बाहर निकाल लिया है। अज्ञात मृतक व्यक्ति की उम्र करीब 40 वर्ष के आसपास है। शिनाख्त नहीं हो पाने के चलते पड़ोसी राज्यों और स्थानीय पुलिस थाना चौकियों में सूचना व मृतक की फोटो भेज दी गई है। शव को पांवटा साहिब के शव विच्छेदन गृह में रखवा दिया गया है।