अगले शैक्षणिक सत्र से शुरू हो सकती हैं कक्षाएं
योगेंद्र अग्रवाल
ददाहू (सिरमौर)। क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए शीघ्र ही बड़ी शैक्षणिक सौगात मिलने जा रही है। पीएम श्री वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ददाहू को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) में शामिल कर लिया गया है। आगामी शैक्षणिक सत्र से यहां सीबीएसई की कक्षाएं शुरू होने की पूरी संभावना है।
शिक्षा विभाग के निदेशक ने सीबीएसई संबद्धता के लिए मापदंड पूरे करने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद स्कूल प्रबंधन औपचारिकताएं पूरी करने में जुट गया है। सीबीएसई बोर्ड में शामिल होने से विद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं और अनुकूल वातावरण मिलेगा। उल्लेखनीय है कि प्रदेश में पहले चरण में 100 स्कूलों को सीबीएसई बोर्ड में शामिल किया गया था, जबकि दूसरे चरण में 23 अतिरिक्त और नए स्कूलों की सूची जारी की गई है। इसमें सिरमौर जिला से ददाहू एकमात्र स्कूल है। सीबीएसई कक्षाएं संचालित होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को केंद्रीय स्तर की परीक्षाओं की तैयारी के साथ-साथ आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिलेगा।
कसौटी पर खरा उतर रहा ददाहू स्कूल
ददाहू कैंपस स्कूल होने के साथ-साथ सीबीएसई संबद्धता के मानकों पर भी खरा उतरता है। विद्यालय के पास पर्याप्त भवन और संसाधनों के साथ लगभग 31 बीघा भूमि उपलब्ध है। यहां प्राथमिक स्तर पर करीब 150, उच्च स्तर पर कन्या विद्यालय में लगभग 200 और वरिष्ठ स्तर पर करीब 450 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। यह सभी मापदंड सीबीएसई संबद्धता के लिए पर्याप्त माने जाते हैं।
औपचारिकताओं की प्रक्रिया जारी
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ददाहू को सीबीएसई बोर्ड में शामिल करने के आदेश मिल चुके हैं। मानकों के अनुसार औपचारिकताएं पूरी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। संबंधित विभागों को एनओसी के लिए आवेदन भेजे गए हैं। शीघ्र ही रिपोर्ट तैयार कर विभाग को प्रेषित की जाएगी।
दीप राम शर्मा, कार्यवाहक प्रधानाचार्य, ददाहू