नाहन (सिरमौर)। नाहन का युवा कलाकार मोनू यादव कलर टीवी पर प्रसारित होने जा रहे ‘उड़ारियां’ धारावाहिक में अभिनय करता नजर आएगा। इस धारावाहिक में नाहन के नौणी का बाग निवासी युवा कलाकार मोनू यादव को अभिनय का मौका मिला है। इसके अलावा वह वेब सीरीज द लेडी कॉप में भी विलेन के किरदार में नजर आएंगे। धारावाहिक और वेब सीरीज की शूटिंग पूरी हो चुकी है। आने वाले 15 दिनों में इनके प्रसारण की उम्मीद है।
बता दें कि मोनू यादव को स्कूल के समय से ही अभिनय का शौक है। वह शहर की नामचीन संस्था स्टेपको से जुड़े हुए हैं। वह रजित सिंह कंवर और वसीम खान के निर्देशन में दुख दरिया.., सावी.., किन्नर गाथा.., भाग्य अपना अपना.., एकलव्य.., जैसे दर्जनों नाटकों में अभिनय कर चुके हैं।
इसके अलावा मोनू यादव ने तीन सौ नुक्कड़ नाटकों में भी अपने अभिनय की अमिट छाप छोड़ी है। अब छोटी दुनिया में ऊंची उड़ान भरने के लिए तैयार मोनू यादव को कलर टीवी पर प्रसारित होने जा रहे उड़ारियां धारावाहिक और द लेडी कॉप.., वेब सीरीज में अभिनय का मौका मिला है। इन दोनों की शूटिंग पूरी हो चुकी है। जबकि एक फीचर फिल्म रश्क.., में भी मोनू यादव को साइन किया गया है जिसकी शूटिंग अभी शुरू होनी बाकी है।
उनके अभिनय को लेकर शहरवासियों में उत्सुकता का माहौल है। ‘अमर उजाला’ से बातचीत में मोनू यादव ने बताया कि उड़ारियां और द लेडी कॉप.., चंद ही दिनों में प्रसारित हो जाएगी। उन्होंने अपनी उपलब्धि का श्रेय अपने गुरु रजित कंवर और वसीम खान को दिया है।