कालाअंब (सिरमौर)। केमिस्ट शॉप में दवाइयां बेचने में कायदे-कानून तोड़े जा रहे हैं। अधिकृत फार्मासिस्ट की गैर मौजूदगी में अन्य व्यक्ति दवाइयां बेच रहे हैं। जबकि कुछ दवा निर्माता कंपनियां कायदे-कानून तोड़ कर दवाइयों का निर्माण कर रही हैं। कालाअंब की तीन दवा निर्माता कंपनियों को स्वास्थ्य विभाग ने नोटिस भेजकर जवाब मांगा है।
राजगढ़ और कालाअंब इलाके में स्वास्थ्य विभाग के ड्रग इंस्पेक्टर द्वारा किए गए औचक निरीक्षण में कई खामियां सामने आई हैं जिस पर कार्रवाई करते हुए ड्रग इंस्पेक्टर ने दो केमिस्ट शॉप के लाइसेंस सस्पेंड कर दिए हैं, जबकि एक को नोटिस थमाकर एक सप्ताह के भीतर जवाब मांगा गया है।
जानकारी के अनुसार ड्रग इंस्पेक्टर रजत ने पिछले महीने कालाअंब और राजगढ़ की केमिस्ट शॉप का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान दुकान में फार्मासिस्ट नदारद पाया गया। जबकि दवाइयां बिक रही थीं। जो दवाइयां बेच रहे थे, वह दवाइयां बेचने के लिए अधिकृत नहीं थे। रजत ने बताया कि इन दोनों को नोटिस दिए गए थे लेकिन जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया। लिहाजा दोनों के लाइसेंस सस्पेंड किए गए।
उनके अनुसार बुधवार को उन्होंने कालाअंब की एक और दुकान का निरीक्षण किया। दुकान का रिकार्ड मैंटेन नहीं पाया गया। लिहाजा उसे नोटिस भेजकर एक सप्ताह में जवाब देने के लिए कहा गया है। उन्होंने कहा कि कालाअंब की 11 दवा निर्माता कंपनियों का भी निरीक्षण किया गया। जिसमें से तीन कंपनियों में दवाइयों की मैन्यूफेक्चरिंग में ड्रग एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के तहत अपनाए जाने वाली औपचारिकताएं पूरी नहीं की गई थीं। लिहाजा उन्हें भी नोटिस भेजकर एक महीने में जवाब देने के लिए कहा गया है। उनके अनुसार यदि जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया तो कंपनी के लाइसेंस भी सस्पेंड किए जा सकते हैं।
बॉक्स के लिए----
तीन दुकानों को भेजे नोटिस
नाहन मेडिकल कॉलेज के समीप चल रहे केमिस्ट शॉप में भी ड्रग इंस्पेक्टर ने छापेमारी की। इस दौरान विभिन्न दुकानों का रिकार्ड चेक किया गया लेकिन तीन दुकानों में कुछ ऐसी दवाइयां भी पाई गईं जिनके सेल-परचेज के रिकार्ड दुकानदार के पास नहीं थे। ड्रग इंस्पेक्टर ने बताया कि तीनों दुकानदारों को नोटिस देकर पांच दिन में रिकार्ड दिखाने को कहा गया है। रिकार्ड नहीं दिखाया तो आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।