कालाअंब(सिरमौर)। हरियाणा-हिमाचल की सीमा पर कालाअंब में एचआरटीसी की बस की चपेट में आने से एक ट्रक चालक गंभीर रुप से घायल हो गया। निजी अस्पताल में प्राथमिक उपचार करवाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है। कालाअंब पुलिस थाना टीम ने मौके पर पहुंच कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
देहरादून से कालाअंब नेशनल हाईवे- 07 पर बुधवार सुबह हादसा हुआ। दो राज्यों की सीमा के समीप स्थित आबकारी एवं कराधान विभाग के बैरियर हैं। इसके पास एक एचआरटीसी नाहन डिपो की बस की चपेट में आने से एक ट्रक चालक गंभीर रुप से घायल हो गया। सुबह एचआरटीसी की नाहन से कालाअंब रूट की बस बैरियर के पास से मुड़ रही थी।
इस बीच एक ट्रक चालक सुखविंदर सिंह उसकी चपेट में आ गया। उसके सिर में काफी गंभीर चोट लग गई। घायल चालक पंजाब का निवासी है जो ट्रक में एक स्थानीय औद्योगिक इकाई का माल लेकर पहुंचा था। कालाअंब में स्थित आरटीओ कार्यालय में गाड़ी का टैक्स इत्यादि भरने की औपचारिकताओं को पूरा कर रहा था। इस बीच दर्दनाक हादसा हो गया। हादसे में घायल चालक को तुरंत ही कालाअंब के निजी अस्पताल उपचार को पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर घायल ट्रक चालक को पीजीआई चंडीगढ़ भेज दिया गया है।
उधर, कालाअंब पुलिस थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह ने मामले की पुष्टि की है। थाना प्रभारी ने कहा कि सड़क हादसे का मामला दर्ज कर लिया गया है। इस, मामले की छानबीन की जा रही है। घायल सुखविंदर सिंह को सिर पर गहरी चोटें आई है उसके परिजनों को सूचित कर दिया गया है। घायल की हालत गंभीर होने पर पीजीआई चंडीगढ़ आगामी उपचार को भेजा गया है।
.....