पांवटा साहिब (सिरमौर)।पांवटा पुलिस ने 24 घंटे के भीतर चोरी की वारदात में शामिल आरोपियों को दबोचने में सफलता हासिल की है। पुलिस के हत्थे चढ़े तीन आरोपियों को बुधवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा। हालांकि पुलिस आरोपियों से चोरी की अन्य वारदातों में संलिप्तता की भी पूछताछ कर रही है। बद्रीपुर-जामनीवाला मार्ग पर शनिवार को कास्मेटिक एंड गिफ्ट शॉप चोरी में हुई चोरी की वारदात में शामिल तीन आरोपियों को पुलिस ने सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।
पांवटा के शहरी क्षेत्र में पिछले कुछ अर्से से कई चोरियों की वारदातें सामने आ रही हैं। आरोपियों से अन्य वारदातों का खुलासा होने के भी कयास लगाए जा रहे हैं। कास्मेटिक एंड गिफ्ट शाप में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने बद्रीपुर में चोरी वारदात में गिरफ्तार आरोपियों में पंकेश कुमार पुत्र राम किशन निवासी बद्रीपुर जामनीवाला मार्ग, संदीप कुमार उर्फ विक्की पुत्र रमेश कुमार व रणजीत सिंह उर्फ नीलू पुत्र रमेश निवासी बद्रीपुर जामनीवाला को गिरफ्तार किया है।
चोर गिरोह में शामिल सगे भाई नीलू व विक्की पहले भी चोरी की वारदातों में शामिल रहे हैं। बद्रीपुर-जामनीवाला मार्ग पर आशिक अली की कास्मेटिक एंड गिफ्ट शॉप पर शनिवार देर रात चोरों ने शटर उखाड़ कर नकदी, नोटों के हार व मालाएं, ब्रांडेड क्रीम, परफ्यूम समेत लाखों का सामान उड़ा लिया था। दुकान के मालिक आशिक अली ने नींद खुलते ही चोरों का पीछा भी किया था लेकिन तीन नकाबपोश घर की पिछली दीवार फांद कर भागने में सफल हो गए थे।
नकाबपोशों के पास हथियार होने की आशंका को लेकर दुकानदार कुछ दूरी पर पीछे ही रुक गया था। इसके बाद आशिक अली ने चोरी की सूचना पांवटा पुलिस थाने में दर्ज करवाई। शुरुआती पूछताछ में चोरों ने कबूल किया कि इनके पास हथियार नहीं थे।
उधर, एसपी सिरमौर सौम्या साम्बशिवन ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि बद्रीपुर चोरी के मामले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जाएगा। उन्होंने बताया कि आरोपियों से चोरी की अन्य वारदातों में संलिप्तता के बारे में भी पूछताछ की जाएगी।
-----------