पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में पुलिस को अभी तक बड़ी सफलता नहीं मिली है लेकिन गत रात्रि एक जागरूक पड़ोसी की चुस्ती से न केवल चोरी की कोशिश नाकाम हुई बल्कि एक युवक को भी चोरी करते हुए रंगे हाथ दबोच लिया गया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। युवक को शहर में हुई दूसरी चोरियों में भी हाथ होने की आशंका जताई जा रही है।
चोरी की बढ़ रही वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए जनता-पुलिस का आपसी समन्वय जरूरी है। देर रात हाउसिंग बोर्ड कालोनी में पड़ोसियों की सतर्कता से चोरी करने एक घर में घुसे चोर को दबोचा जा सका है। पुलिस से मिली जानकारी अनुसार पांवटा के देवीनगर के साथ लगती हाउसिंग बोर्ड कालोनी में प्रवक्ता कुलदीप सिंह परिवार सहित रहते हैं। गत रात्रि वह कहीं बाहर गए हुए थे। उनके पड़ोसियों ने कुछ चटकने की आवाज सुनी। देर रात को धीरे से बाहर निकले।
किसी अजनबी के पड़ोसियों के बंद घर में घुसने की सूचना पुलिस थाने में रात को ही दे दी जिसके बाद एएसआई रामपाल समेत टीम व आसपास के लोगों के साथ मिल मौके पर पहुंचे। जब पुलिस वहां पहुंची तो युवक कमरे के भीतर अलमारियों में सामान खंगाल रहा था। उसकी पहचान बंटी (20) पुत्र सुरिंद्र वार्ड-12 शुभखेड़ा चुंगी नंबर 6 के रूप में हुई है।
जांच अधिकारी ने बताया कि बंटी घर की खिड़की में लगी जाली तोड़ कर भीतर पहुंचा था। घर के भीतर चोरी करते हुए अलमारी व सामान खंगाल रहा था। कालोनी वासियों के सहयोग से पुलिस टीम ने चोर को रंगे हाथों दबोच लिया। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
उधर, डीएसपी भीष्म ठाकुर ने पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। शहर में हुई अन्य चोरियों में उसका हाथ है या नहीं, इस बारे पूछताछ की जा रही है।