कालाअंब (सिरमौर)। प्रसिद्ध शक्तिपीठ माता बालासुंदरी मंदिर त्रिलोकपुर के समीप ध्यानूभगत मंदिर के समीप छह दुकानें ढह गई। पहले से जर्जर भवन की एक दीवार और पिलर ढहने से टीन की पूरी छत भीतर सो रहे दुकानदारों पर गिर गई जिससे मलबे में दबकर एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। घायलों को मामूली चोटें आई हैं जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। घटना सोमवार मध्य रात्रि की है।
घटना की सूचना मिलते ही एएसपी विनोद धीमान कालाअंब थाना की टीम सहित मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। मृतक की पहचान लक्ष्मण पुत्र मुनी राम निवासी मतलौडा जिला पानीपत (हरियाणा) के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार त्रिलोकपुर के समीप ध्यानूभगत मंदिर के आसपास नवरात्र मेले के लिए दुकानें लगी हुई थी। पानीपत के मेला कारोबारियों ने वेद प्रकाश से जगह लेकर चार दुकानें लगाई थीं। बताया जा रहा है कि दुकानों की हालत पहले ही खस्ता हो चुकी थी। रात्रि करीब एक बजे अचानक दुकान की एक कच्ची दीवार ढह गई जिससे दुकानों के पिलर भी गिर गए। कुल छह दुकानें जमींदोज हो गई। उस वक्त दुकानदार दुकानों में सो रहे थे।
हादसे में लक्ष्मण सुपुत्र मुनीराम निवासी मतलौडा जिला पानीपत (हरियाणा) की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पानीपत के ही चेतन, विशाल और सुरेश घायल हुए। पोस्टमार्टम के लिए मृतक का शव नाहन मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। प्रशासन ने फौरी राहत के तौर पर मृतक के परिजनों को 25000 रुपये की सहायता प्रदान की है। मृतक ने मेले में लकड़ी के सामान व खिलौनों की दुकान लगा रखी थी।
ग्राम पंचायत प्रधान वीरेंद्र परमार ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने दुकान के मालिक वेद प्रकाश के खिलाफ भादंसं की धारा 304 ए और 336 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। एएसपी विनोद धीमान ने बताया कि दुकानदार के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है।