पांवटा साहिब (सिरमौर)। हरियाणा-हिमाचल सीमा पर स्थित दूरदराज पल्होड़ी गांव में एक युवक की रैबीज से मौत हो गई है। सीएमओ नाहन ने बीएमओ राजपुर के नेतृत्व में टीम गठित कर दी है। टीम ने पल्होड़ी पहुंच कर युवक के संपर्क मेें रहने वाले 59 लोगों को चिन्हित कर इलाज शुरू कर दिया है। चिन्हित किए गए सभी लोगों को सब सेंटर पल्होड़ी में एंटी रेबीज के इंजेक्शन मुफ्त में लगाए जाएंगे।
जानकारी के अनुसार पल्होड़ी पंचायत के निवासी रज्जाक (35) को फरवरी में गांव में एक कुत्ते ने काट लिया था। युवक ने माजरा अस्पताल में उपचार करवाया। लेकिन, पीड़ित में रैबीज एक्टिव हो गए। हालत बिगड़ने पर युवक को कसौली ले जाना पड़ा। सोमवार को युवक की मौत हो गई। सीएमओ सिरमौर ने तुरंत बीएमओ राजपुर डॉ. एसएल वर्मा, डॉ, जसदीपक सिंह, रोशन लाल, बैसाखी राम व मीना कुमारी समेत टीम गठित कर दी है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने तुरंत मौत से पहले रज्जाक के संपर्क में रहने वाले परिजनों व लोगों की चिन्हित कर लिया है। इन्हें चार-चार इंजेक्शन जिला स्वास्थ्य विभाग मुफ्त में लगाएगा।
सूचना मिलते ही टीम मौके पर भेजी
सीएमओ सिरमौर डॉ. संजय शर्मा ने कहा कि सूचना मिलते ही तुरंत टीम गठित कर पल्होड़ी भेज दी है। संपर्क में रहे परिजनों व ग्रामीणों की संख्या 59 है। इन सबको एंटी इंजेक्शन लगवाए जा रहे हैं। सभी लोगों को टीम तय किए गए दिन और समय पर स्थानीय सब सेंटर में मुफ्त में एंटी रैबीज इंजेक्शन लगाएगी।