पांवटा साहिब ( सिरमौर)। सिरमौर पुलिस की ओर से नशे का कारोबार करने वालों पर शिकंजा कसा गया है। नशे का कारोबार करने वालों के खिलाफ छेड़े गए विशेष अभियान में पुलिस को सफलता भी मिल रही है। ताजा घटनाक्रम में सुरक्षा शाखा व पांवटा पुलिस की टीम ने एक व्यक्ति को नशीली दवाइयों की खेप के साथ गिरफ्तार किया है।
गुप्त सूचना मिल रही थी कि सिंहपुरा क्षेत्र से कुछ लोग अवैध नशीली दवाओं की विक्री में संलिप्त हैं जो दवाओं को नशे के आदि लोगों तक ही पहुंचाते हैं। इसके बाद सुरक्षा शाखा की टीम ने नजर रखना शुरू कर दिया। टीम ने एक आरोपी को नशीली दवाओं समेत दबोच लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपी पर एनडीपीएस और ड्रग्स एंड कास्मेटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ की जा रही है।
स्थानीय पुलिस अधिकारियों को पुख्ता सुचना मिली थी कि सिंहपुरा क्षेत्र में अवैध नशे की दवाओं का कारोबार पांव पसार रहा है। सुरक्षा शाखा टीम ऐसे संदिग्ध लोगों व स्थलों पर नजरें टिका कर सक्रिय हो गई। वीरवार रात को एएसआई पांवटा थाना नोख राम, सुरक्षा शाखा के मुख्य आरक्षी सेवा सिंह, मामराज, राजेंदर सिंह व आरक्षी नवराज सिंह की टीम ने बरोटीवाला- रामपुरघाट क्षेत्र मार्ग पर नाका लगाया था। इस दौरान आने जाने वालों पर नजर रखी जा रही थी। नाके के दौरान सिंहपुरा भंगानी निवासी कादिर अली (35) पुत्र गुलजारदीन को तलाशी के लिए रुकवाया। तलाशी के दौरान टीम को अवैध नशीली दवाइयों के 504 कैप्सूल, 17 शीशियां व अलग-अलग किस्म की176 टेबलेट्स बरामद हुईं। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
उधर, डीएसपी भीष्म ठाकुर ने पुष्टि की है। भंगानी के सिंहपुरा निवासी आरोपी कादिर अली (35) के खिलाफ एनडीपीएस और ड्रग्स एंड कास्मेटिक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। उसे अदालत में पेश करने की प्रक्रिया चल रही है।