जमटा (सिरमौर)।धारटीक्षेत्र इलाके की आधा दर्जन से अधिक पंचायतों के दर्जनों गांव में रसोई गैस का संकट खड़ा हो गया है। इस माह भी अभी तक ग्रामीण क्षेत्रों में रसोई गैस सिलेंडर की सप्लाई नहीं पहुंच पाई है। बताया जा रहा है कि क्षेत्र में सिलेंडर का बैकलॉग चला हुआ है। ऐसे में लोगों को खाना पकाने संबंधी भारी दिक्कतों से गुजरना पड़ रहा है।
धारटीधार इलाके की जमटा, नेहली-धीड़ा, धगेड़ा, पंजाहल व बिरला आदि पंचायतों में शहीद कुलविंद्र सिंह गैस एजेंसी ददाहू (खादरी) से गैस की आपूर्ति की जा रही है। बताया जा रहा है कि गैस एजेंसी के तहत आने वाले इलाकों में 18 लोड गैस सिलेंडर की जरूरत होती है। जबकि अभी तक 8 लोड ही मिल पाए हैं। एजेंसी में 10 लोड की कमी चल रही है। एक लोड में गाड़ी की क्षमतानुसार 160 से 300 सिलेंडर तक आपूर्ति होती है। इस गैस एजेंसी में 10 हजार 432 के करीब गैस कनेक्शन हैं। गैस का संकट चलने से उपभोक्ताओं में भारी निराशा है।
जमटा पंचायत के नरेश ठाकुर, नेहली-धीड़ा के बाबूराम, पंजाहल पंचायत की प्रधान सुनीता देवी, धगेड़ा पंचायत के सुरेंद्र तोमर, नरेश ठाकुर, मोहन सिंह, राकेश कुमार, संदीप कुमार, नरेश, सुनील शर्मा व नागिंद्र ठाकुर आदि ने बताया कि धारटीधार क्षेत्र में महीने की 9 व 17 तारीख के गैस की सप्लाई की जाती है। 20 तारीख तक भी लोगों को गैस नहीं मिल पाई। उन्होंने बताया कि लोग हर दिन सिलेंडर लेकर सड़कों के किनारे खड़े रहते हैं लेकिन गैस की गाड़ी न पहुंचने से हर दिन परेशानी के अलावा समय भी व्यर्थ गुजर रहा है।
उधर, गैस एजेंसी के मैनेजर जोगिंद्र सिंह ने बताया कि शुक्रवार को धारटीधार क्षेत्र में गैस की गाड़ी भेज दी है। उन्होंने बताया कि पीछे से ही गैस की सप्लाई न होने के कारण दिक्कतें आ रही हैं। सिलेंडर का बैकलॉग भी चला है। इस समय 10 लोड की कमी चल रही है। जल्द ही इसे पूरा करने के प्रयास किए जा रहे हैैं।
----------------