विकास खंड संगड़ाह के तहत नौहराधार क्षेत्र के भराड़ी गांव में तेंदुए ने पशुशाला में बंधी तीन बकरियों को अपना निवाला बना लिया। इससे लोगों में दहशत का माहौल है। भराड़ी गांव निवासी मेला राम ने बताया कि उसकी तीन बकरियां पशुशाला में बंधी हुई थी।
तेंदुआ पशुशाला की टूटी छत से अंदर घुसा और उसकी तीनों बकरियों को अपना शिकार बना लिया। इससे करीब 15 से 20 हजार का नुकसान हुआ है। उसने इसकी सूचना भराड़ी पटवार सर्कल के पटवारी रामानंद सहित पशुपालन एवं वन विभाग के अधिकारियों को दी। स्थानीय पंचायत प्रधान चंद्रमोहन से मौके का मुआयना करवाया। मेला राम ने प्रशासन से मांग की है कि उसे मुआवजा दिया जाए। साथ ही वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने की गुहार लगाई है।