नौहराधार (सिरमौर)। थाना क्षेत्र संगड़ाह के अंतर्गत लोक निर्माण विभाग के एक मेट व सुपरवाइजर पर ठेकेदार के मुंशी द्वारा किए हमले के बाद मुंशी की गिरफ्तारी न होने पर मजदूर पुलिस के खिलाफ भड़क गए। मुंशी की गिरफ्तारी को लेकर विभिन्न मजदूर संगठनों ने एक जुट होकर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की।
पीडब्ल्यूडी कर्मचारी महासंघ के प्रदेश उपाध्यक्ष एनएस भीमटा, प्रदेश सचिव जयपाल राणा, भारतीय मजदूर संघ के जिला प्रभारी राजेंद्र चौहान, बीएमएस के जिला अध्यक्ष बलबीर राणा व एटक हरिपुरधार इकाई अध्यक्ष जीत सिंह की अगुवाई में मंगलवार को संयुक्त ट्रेड यूनियन मोर्चा के दर्जनों मजदूरों ने पुलिस व ठेकेदार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया।
ट्रेड यूनियन के नेताओं ने आरोप लगाया कि मुंशी रूप राम डोगरा के खिलाफ सोमवार को संगड़ाह थाने में मारपीट का मामला दर्ज किया गया है। मगर हैरानी की बात है कि वह अभी भी पूरी आजादी के साथ घूम रहा है। मजदूरों ने आरोप लगाया कि ठेकेदार के दबाव में पुलिस आरोपी को गिरफ्तार करने में आनाकानी कर रही है। मजदूर नेताओं ने आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है अन्यथा आंदोलन और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शनकारियों में पीडब्ल्यूडी कर्मचारी महासंघ की हरिपुरधार इकाई के प्रधान मान सिंह, जीवन सिंह चौधरी, लाल सिंह ठाकुर, रमेश शर्मा, सुमेश ठाकुर, गंगाराम, कुंदन सिंह, जयपाल ठाकुर, तुला राम, सतपाल, मान सिंह ठाकुर, गुलाब सिंह समेेत 5 दर्जन से अधिक मजदूर नेता व मजदूर मौजूद थे।
उधर एसपी सिरमौर सौम्या साम्बशिवन ने पुष्टि करते हुए कहा कि रूपराम डोगरा के खिलाफ संगड़ाह थाने में मामला दर्ज किया गया है। दूसरी और रूपराम ने भी अपने ऊपर हमले की शिकायत दर्ज करवाई है जिसमें उसने अपने ऊपर चोट आने की बात कही है। आरोपी को मेडिकल जांच के लिए नाहन भेजा गया है। पुलिस मामले की छानबीन तेजी से की जा रही है।