नाहन (सिरमौर)।शहर के प्रसिद्ध सैरगाह विल्ला राउंड में हरे पेड़-पौधों पर जेसीबी चलाने के मामले में नगर पालिका परिषद हरकत में आ गई है। बताया जा रहा है कि जमीन साफ करने के लिए जेसीबी से पेड़ों की भी बलि चढ़ा दी गई। जबकि नगर परिषद से इसकी अनुमति नहीं ली गई थी।
नगर परिषद के संज्ञान में मामला आने के बाद नप वन रक्षक को मामले में रिपोर्ट तैयार करने के आदेश दे दिए गए हैं। हालांकि अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि कितने पेड़ों को नुकसान पहुंचाया गया है।
उल्लेखनीय है कि हाईकोर्ट ने हरे पेड़ों को काटने पर प्रतिबंध लगाया है। इसके बावजूद भी कुछ लोग अपने लाभ के लिए हरे पेड़ों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। उधर, नगर पालिका परिषद के कार्यकारी अधिकारी सूरत सिंह नेगी ने बताया कि विल्ला राउंड के समीप एक निजी संपत्ति से पेड़-पौधों को जेसीबी मशीन से नुकसान पहुंचाने का मामला संज्ञान में आया है। मामले में वन रक्षक को जल्द रिपोर्ट तैयार करने को कहा गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
--------