पांवटा साहिब (सिरमौर)। नगर परिषद पांवटा के वार्ड-5 यमुना विहार कॉलोनी में चोरों ने एक बार फिर सेंध लगाई है। इस बार एक उद्योगपति चोरों के निशाने पर रहे। चैंबर ऑफ कॉमर्स की पांवटा इकाई के अध्यक्ष के घर सेंधमारी करते हुए चोरों ने किचन, बाथरूम, टायलेट और अन्य कमरों में की गई फिटिंग को उखाड़कर लगभग ढाई लाख रुपये का सामान उड़ा लिया।
बताया जा रहा है कि चोर मकान के पिछली तरफ से कमरे की ग्रिल उखाड़ कर भीतर दाखिल हुए। पिछली तरफ बन रहे नए मकान की तरफ वाली दीवार फांद कर चोर रफूचक्कर हो गए। शुरुआती जांच से लगता है कि चोर आराम से हर कमरे से मंहगा सामान उखाड़ ले गए। सूचना मिलने पर डीएसपी प्रमोद चौहान व एसएचओ पांवटा अशोक चौहान टीम सहित मौके पर पहुंचे। चोरी वारदात के मामले की जांच शुुरू कर दी गई है।
हिमाचल चैंबर ऑफ कॉमर्स इकाई के अध्यक्ष सतीश गोयल व एलएस पंवार ने कहा कि यमुना विहार स्थित उनके मकान (हाउस नंबर 175/11) में चोरी की वारदात हुई है जिसमें चोरों ने घर से लाखों का सामान उड़ा लिया। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ अरसे से घर खाली पड़ा था।
वीरवार शाम करीब 6 बजे जब उनकी गाड़ी का चालक घर में गाड़ी पार्क करने गया, तो ताले टूटे मिले। सामान भी इधर-उधर बिखरा पड़ा था जिसकी सूचना उन्होंने तुरंत उन्हें दी। अज्ञात चोर मकान से 2 इनवर्टर, 4 गीजर, गीजर बॉल्ब, शावर, बाथ मिक्सर, मिक्सर कनेक्शन, टॉयलेट शीट, बाश बेसिन, 2 भारी भरकम बैटरियां, ताले, दरवाजे के कुंडे व हर कमरे के परदे समेत तक लाखों का अन्य सामान उड़ा कर ले गए।
चोरी हुए सामान की कीमत ढाई लाख से अधिक बताई जा रही है। चोरी के मामले में डीएसपी को फोन कर अवगत करवाया। सूचना मिलते ही तुरंत डीएसपी प्रमोद चौहान टीम सहित मौके पर पहुंचे। टीम ने यमुना विहार कॉलोनी में गहनता से जांच शुरू कर दी है। उधर, डीएसपी पांवटा प्रमोद चौहान ने शिकायत मिलने की पुष्टि की है। इस मामले की गहनता से जांच की जा रही है जिससे चोरी की वारदात को अंजाम देने वालों को शीघ्र दबोचा जा सके।